कांग्रेस बोली, 30 सितंबर तक जवाब लेना संभव नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कांग्रेस ने दिल्ली में एसआईआर के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की समय सीमा 30 नवंबर तक बढ़ाने की मांग की है। सीईओ कार्यालय की ओर से एसआईआर के संबंध में बुलाई गई बैठक में दिल्ली कांग्रेस की ओर से बूथ मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन राजेश गर्ग और लीगल डिपार्टमेंट के चेयरमैन एडवोकेट सुनील कुमार शामिल हुए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने से पहले ही अनमैप्ड मतदाताओं और तार्किक विसंगतियों वाले मतदाताओं का डेटा जारी करने की मांग की थी। उनके अनुसार, अनुरोध के बाद यह डेटा जारी किया गया, लेकिन जवाब देने के लिए 30 सितंबर तक का समय दिया गया है।
देवेंद्र यादव ने दावा किया कि अभी तक आधे से अधिक नोटिस वितरित नहीं हो पाए हैं। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं को नोटिस मिल चुके हैं, उनमें से कई को जवाब दाखिल करने की प्रक्रिया को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इसकी समय सीमा 30 नवंबर तक बढ़ाने की मांग की।