महिला से दुष्कर्म किए जाने के आरोपों से घिरे नगर निगम के डिप्टी मेयर परमिंदर कटारिया के इस्तीफे की मांग करते हुए बुधवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निगम कार्यालय के सामने रोष प्रदर्शन किया।
इस मौके पर प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव नलिन हुड्डा के नेतृत्व में डिप्टी मेयर का पुतला फूंका गया। हुड्डा ने कहा कि सरकार महिला सुरक्षा को लेकर अपने हर वादे पर विफल रही है।
उन्होंने मांग की कि डिप्टी मेयर अपने पद से इस्तीफा दें और इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो युवा कांग्रेस इसके विरोध में आगे भी प्रदर्शन करेगी।
प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से युवा लोकसभा अध्यक्ष सनाउल्ला खान, महासचिव अब्दुल कादिर, गुड़गांव कार्यकारी अध्यक्ष जसविंदर बीसला, उपाध्यक्ष प्रदीप दहिया, ओमप्रकाश पांचाल, रोहित तंवर, शकील खान व अन्य मौजूद थे।