दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए राजधानी के लोग ठंडे पानी के साथ ही चिल्ड बीयर का भी शौक रखते हैं। खासबात यह है कि इस साल जनवरी से ही बीयर की खपत अधिक हो गई थी। साल के शुरुआती चार महीने में दिल्ली के लोग लाखों लीटर बीयर गटक गए। हालांकि गर्मी के दिनों में बीयर की बिक्री कम हुई है। इसका मुख्य वजह यह है कि कई दुकानों पर ना तो ठंडी बीयर की बोतल ही मिल रही है और ना ही कैन बीयर। इतना ही नहीं मनपसंद ब्रांड वाली बीयर भी दुकानों से गायब हो गए है।
इस साल अप्रैल महीने तक दिल्ली के होटल, बार और रेस्तरां के माध्यम से 224 लाख लीटर बीयर की बिक्री हुई। जबकि पिछले साल इसी अवधि में 228 लाख लीटर की बिक्री हुई थी। बीयर की किल्लत पर अधिकारिक सूत्रों का कहना है बीयर की कोई कमी नहीं है। इतना जरूर है कि खास ब्रांड की बीयर उपलब्ध नहीं है। दूसरी तरफ ठंडी बीयर की अनुपलब्धता की वजह से भी इस तरह की शिकायत मिल रही है। नए ब्रांड दुकानों में उपलब्ध हैं, जिन्हें ग्राहक पसंद कर रहे हैं।