- नशे की लत पूरी करने के लिए करता था चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने आईफोन 15 की डिलीवरी लेकर फरार एक बाइक एग्रीगेटर सेवा के राइडर को गिरफ्तार किया है। आरोपी कई हफ्तों तक पुलिस से बचता रहा, लेकिन 8 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया गया।
मध्य जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की नांगली डेयरी निवासी गुरप्रीत सिंह (29) के पास से अपराध में प्रयुक्त स्कूटर भी जब्त किया गया है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निधिन वल्सन ने बताया कि 17 अक्तूबर को एक शिकायत प्राप्त हुई थी कि एक बाइक एग्रीगेटर राइडर को पटेल नगर में आईफोन 15 की डिलीवरी सौंपी गई थी, लेकिन वह गंतव्य तक नहीं पहुंचा। आरोपी पार्सल लेकर गायब हो गया। आरोपी ने डिवाइस प्राप्त करने के बाद अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था, ताकि गिरफ्तारी से बच सके। बाद में उसे नांगली डेयरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में गुरप्रीत ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह नशे की लत के कारण ऐसे अपराध करता था। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है और वह राजौरी गार्डन, हरी नगर, पश्चिम विहार (पूर्व) और डाबरी थाना क्षेत्रों में दर्ज कम से कम 10 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।