द्वारका के डाबड़ी थाना इलाके की घटना, पुलिस को कार चालक की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका के डाबड़ी थाना इलाके में बृहस्पतिवार के सामने आए दर्दनाक हादसे में कार की टक्कर से डिलीवरी एजेंट डाबड़ी फ्लाईओवर से नीचे गिर पड़ा। पीड़ित झारखंड के गोड्डा जिले के निवासी राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि कार चालक मौके से भाग गया था।
द्वारका जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह 7:35 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना दी गई कि पंखा रोड पर डाबड़ी फ्लाईओवर से एक युवक गिर गया है और उसे तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और फ्लाईओवर पर एक क्षतिग्रस्त स्कूटी और एक कार देखी। स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल फ्लाईओवर नीचे पड़ा हुआ था। उसे तुरंत एम्बुलेंस से पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़ित राजकुमार दिल्ली में एक निजी कंपनी के लिए खाने की आपूर्ति करने का काम करता था। पुलिस ने बताया कि जिस कार ने राजकुमार को टक्कर मारी, वह दिल्ली की है और यह डाबरी निवासी के नाम पर पंजीकृत है। युवक के शव को शवगृह में रखा गया है और फरार चालक को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।