द्वारका नार्थ की घटना, कार छोड़कर भागा चालक, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका नार्थ इलाके में एक कार ने डिलीवरी बॉय को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल पीड़ित की पहचान केदार नाथ के रूप में हुई है। आस पास के लोगों ने घायल को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, आरोपी चालक मौके पर कार छोड़कर भाग गया। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश कर रही है। 35 साल के केदार नाथ सपरिवार सेक्टर तीन द्वारका में रहते हैं। वह घर पर आटा की चक्की चलाते हैं और पार्ट टाइम में एप पर डिलीवरी बॉय के रूप में काम करते हैं।
द्वारका नार्थ थाने में दर्ज एफआईआर में पीड़ित केदार नाथ ने बताया कि 20 अक्तूबर को एप पर एक बुंकिग आई। बुकिंग करने वाले फेज तीन के एक ग्राहक ने दुकान से चाबी लाने का ऑर्डर दिया था। वह अपनी बाइक से द्वारका सेक्टर छह जा रहे थे। इस दौरान द्वारका इंटरनेशनल स्कूल के पास हरी बत्ती होने की वजह से वह निकलने लगे, तभी दूसरी तरफ से तेज रफ्तार से आ रहे एक कार चालक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह उछलकर दूर जा गिरे और उनके दाएं पैर में गंभीर चोट लगी।
आरोप है कि घटना के बाद कार चालक कार से बाहर निकल कर उनके पास आया और वहां खड़ा होकर हंसने लगा। आरोपी चालक ने उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया। राहगीरों में से एक ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां क्षतिग्रस्त कार और बाइक देखी जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। जांच में पता चला कि घायल शख्स को अस्पताल ले जाया जा चुका है। पुलिस उसके बाद अस्पताल पहुंची, जहां केदार नाथ का इलाज चल रहा था। उनका एक पैर टूट गया है। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर आरोपी कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है।