टाटा पावर डीडीएल खरीदेगी 550 मेगावाट अधिक बिजली
-दिल्ली में बिजली की मांग में टाटा पावर डीडीएल अब तक सर्वाधिक 2416 मेगावाट बिजली की कर रही आपूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भीषण गर्मी के बीच शहर की बिजली मांग 8,439 मेगावाट तक पहुंच गई है। टाटा-पावर-दिल्ली डिस्टि्रव्यूशन लिमिटेड इस सीजन में अब तक लगभग एक तिहाई बिजली की आपूर्ति कर रही है। कंपनी ने गर्मियों के दौरान पीक डिमांड देखते हुए 550 मेगावाट तक बिजली खरीद की योजना बनाई है।
दिल्ली में इन दिनों पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। इसके साथ-साथ बिजली की मांग में भी जबरदस्त बढ़ोतरी हो रही है। टाटा पावर-डीडीएल की ओर से दावा किया गया है कि इस सीजन में अब तक अपनी सर्वाधिक 2,416 मेगावाट की पीक पावर डिमांड को बिना किसी नेटवर्क बाधा या बिजली व्यवधान के सफलतापूर्वक पूरा किया है।
इनमें से कंपनी वर्तमान में अपने विस्तारित नवीकरणीय ऊर्जा पोर्टफोलियो के तहत लगभग 1,115 मेगावाट ग्रीन एनर्जी प्राप्त कर रही है। इनमें करीब 400 मेगावाट सौर ऊर्जा, 477 मेगावाट जल विद्युत, 50 मेगावाट पवन ऊर्जा, रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन के माध्यम से 152 मेगावाट, 21 मेगावाट वेस्ट-टू-एनर्जी संयंत्रों से तथा 15 मेगावाट बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) के माध्यम से समर्थित ऊर्जा शामिल हैं।
बिहेवियरल डिमांड रिस्पॉन्स प्रोग्राम लागू किया
ऊर्जा खपत को अधिक बेहतर प्रबंधित करने के लिए कंपनी ने बिहेवियरल डिमांड रिस्पॉन्स प्रोग्राम लागू किया है। इसके तहत 1.5 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को जोड़ा गया है। कंपनी का दावा है कि पिछले पांच वर्षों में संचयी लोड कर्टेलमेंट कर 1,400 मेगावाट से अधिक बिजली की बचत की है। इसके परिणामस्वरूप 27 लाख यूनिट से अधिक ऊर्जा की बचत कर ग्रिड स्थिरता और सतत ऊर्जा खपत को भी बढ़ावा मिला है।