दिल्ली में जहांगीरपुरी इलाके के एक मकान से संदिग्ध अवस्था में 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला है। पुलिस ने बताया कि पीसीआर को सुबह 10.30 बजे एक कॉल आई थी जिसमें बताया गया कि एक शख्स बेहोश अवस्था में पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि डॉक्टर मुकीम(65) नाम का शख्स अपने बेड पर मृत पड़ा था। पुलिस को शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं।
पुलिस ने बताया कि मृतक डॉ. मुकीम के घर का दरवाजा खुला था जिससे लगता है कि कोई परिचित शख्स घर में घुसा था। पुलिस को एक अलमारी भी बिखरी व टूटी-फूटी अवस्था में मिली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
पड़ोसियों के अनुसार जिस वक्त इस घटना को अंजाम दिया गया उस वक्त डॉ. मुकीम घर में अकेले थे। उनकी बेटी जो गेस्ट टीचर है सुबह साढ़े सात बजे स्कूल चली गई थी। इस तरह यह अनुमान है कि इस घटना को उसके स्कूल जाने के बाद ही अंजाम दिया गया है।