एमसीडी की स्थायी समिति ने बुधवार को पास किए कई प्रस्ताव
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी की स्थायी समिति ने बुधवार को बैठक में राजधानी की प्रमुख समस्याओं से निजात और बेहतर सुविधाएं दिलवाने के लिए कई प्रस्ताव पास किए। समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने पश्चिमी दिल्ली के भारत दर्शन पार्क के पास अत्याधुनिक स्वचालित बहुस्तरीय पार्किंग, पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर स्लॉटर हाउस में गोबर और जैविक कचरे के निस्तारण के लिए संयंत्र और मध्य क्षेत्र में कूड़ा उठाने व लावारिस कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए विस्तृत योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
समिति ने पश्चिमी दिल्ली में पार्किंग की भारी समस्या को देखते हुए भारत दर्शन पार्क में 181 कारों की क्षमता वाली स्वचालित बहुस्तरीय पजल पार्किंग की योजना को मंजूरी दी गई। 1500 वर्ग मीटर में बनने वाली यह पार्किंग 34.39 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगी। सत्या शर्मा ने बताया कि रिंग रोड की सर्विस लेन पर अव्यवस्थित पार्किंग से निजात मिलने से ट्रैफिक भी बेहतर होगा।
वहीं, पूर्वी दिल्ली की बड़ी समस्या गोबर व जैविक कचरे से निपटने के लिए गाजीपुर स्थित स्लॉटर हाउस में 90 मीट्रिक टन क्षमता वाला संयंत्र स्थापित किया जाएगा। संयंत्र से निकले कचरे को ओवरहेड कन्वेयर के माध्यम से ग्रीन वेस्ट मैनेजमेंट सेंटर पहुंचाकर जैविक खाद में बदला जाएगा। मध्य जोन में कूड़ा उठाने में आई समस्या को दूर करने के लिए भी एक प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। यहां एक कंपनी जल्द ही कूड़ा उठाना शुरू कर देगी। इसके साथ ही पार्षद राजपाल सिंह की ओर से उठाए गए लावारिस कुत्तों के आतंक के मुद्दे पर कार्य योजना तैयार करने का फैसला किया गया।
धार्मिक स्थलों के पास सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती
बैठक में निर्णय लिया गया कि धार्मिक स्थलों से 100 मीटर के दायरे में नॉनवेज दुकानों को बंद किया जाएगा और सफाई की विशेष व्यवस्था की जाएगी। साथ ही एमसीडी मुख्यालय में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। सत्या शर्मा ने कहा कि इन सभी फैसलों का उद्देश्य राजधानी को स्वच्छ, सुरक्षित और सुचारु शहरी व्यवस्था देने की दिशा में ठोस और दूरदर्शी कदम बढ़ाना है।