कोरोना और लॉक डाउन की वजह से चिड़ियाघर न पहुंचने वाले वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर है। वन्यजीव प्रेमी अब चिड़ियाघर के फेसबुक पेज पर पहुंचकर वन्यजीवों का दीदार कर सकते हैं। चिड़ियाघर प्रशासन इसके लिए फेसबुक पेज पर वन्यजीवों से जुड़ी फोटो व सूचना अपने फेसबुक पेज पर साझा कर रहा है।
प्रशासन के अनुसार, लॉक डाउन की वजह से लोग चिड़ियाघर नहीं पहुंच पा रहे हैं। ऐसे में प्रशासन ने अपने फेसबुक पेज पर बाड़ों में होने वाली वन्यजीवों की गतिविधियों को साझा करने का प्रयास किया है। इसके लिए उनके खाने-पीने से लेकर उनकी दिनचर्या की जानकारी फेसबुक पर साझा की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि यदि पर्यटकों की प्रतिक्रिया सकारात्मक मिलती है तो इस दिशा में आगे कदम बढ़ाया जाएगा। हमारी कोशिश है कि हम वन्यजीव प्रेमियों तक चिड़ियाघर के वन्यजीवों का जुड़ाव रख सकें।
इससे पहले लॉकडाउन को देखते हुए दिल्ली चिड़ियाघर में ही वन्यजीवों के खाने की व्यवस्था के लिए स्लॉटर हाउस बनकर तैयार किए गए थे। लेकिन अभी बाहर से मांस नहीं लाया जा रहा है बल्कि चिड़ियाघर में ही ताजा मांस वन्यजीवों को उपलब्ध कराया जा रहा है। चिड़ियाघर के रेंजर सौरभ वशिष्ठ ने बताया कि इन दिनों प्रशासन बाहर से मांस नहीं मंगा रहा है।