बिंदापुर क्षेत्र में झगड़े का बदला लेने के लिए नाबालिगों ने एक दिव्यांग की चाकू गोदकर हत्या कर दी। सीसीटीवी कैमरे की जांच कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान करने के बाद वारदात में शामिल दो नाबालिगों को पकड़ लिया है।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि 13 फरवरी को बिंदापुुर क्षेत्र में एक शख्स को चाकू मारे जाने की सूचना मिली। पुलिस ने घायल को महावीर एंक्लेव निवासी राजू अस्पताल में लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में पता चला कि राजू दिव्यांग था और वह देख नहीं पाता था। पुलिस ने एक नाबालिग को पकड़ लिया। उसके निशानदेही पर उसके साथी को शुक्रवार को चाणक्य पैलेस से पकड़ लिया।
आरोपियों ने बताया कि एक आरोपी का मृतक से 3-4 महीने पहले किसी बात पर लड़ाई हुई थी। उसने मृतक से बदला लेने के लिए अपने एक दोस्त की मदद से ऑनलाइन चाकू खरीदा और फिर वारदात को अंजाम दिया। जांच में पता चला कि पकड़े गए एक आरोपी पर डाबड़ी थाने में चाकू से हमला करने का मामला दर्ज है।