स्वरूप नगर इलाके में बुधवार को युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। नग्न अवस्था में युवक का शव नंगली के गायत्री गोशाला के सामने मिला। उसके शरीर के अन्य हिस्से पर भी चोट के निशान हैं। अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया, युवक की गर्दन को धारदार हथियार से रेता गया था। साथ ही उसके सिर, हाथ, गर्दन और पीठ पर चोट के निशान थे।
क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने वहां से कई साक्ष्य हासिल किए। शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक की कहीं अन्य जगह पर हत्या करने के बाद शव को वहां ठिकाने लगाया गया है।
पुलिस को आशंका है कि रंजिश की वजह से उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने बताया, मृतक के पास से कोई दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान की जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।