मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने किसी तरह अंदर फंसे दोनों मजदूरों को बाहर निकाला। बाद में उन्हें एम्स ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरे की हालत बेहद नाजुक है।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कालोनी इलाके में रविवार शाम तीन मजदूर जहरीली गैस की चपेट में आ गए। वे बिना सुरक्षा उपकरण सीवर सफाई करने उतरे थे। शोर-शराबे पर एक मजदूर को सकुशल सुरक्षा गार्ड ने बाहर निकाल लिया, जबकि दो अंदर फंस गए। मामले की सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी गई। सीवर लाइन दिल्ली जल बोर्ड की है।
विज्ञापन
मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने किसी तरह अंदर फंसे दोनों मजदूरों को बाहर निकाला। बाद में उन्हें एम्स ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरे की हालत बेहद नाजुक है। मृतक की शिनाख्त पंतलाल चंदर के रूप में हुई है। वहीं, रामकिशन का इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक राहगीरों ने बताया कि हादसे के समय एक बच्चा वहां रो रहा था। उसका कहना था कि उसके पापा अंदर गए हैं, वापस नहीं आ रहे हैं। वहां मौजूद एक दफ्तर के सुरक्षा गार्ड ने हिम्मत दिखाकर एक मजदूर शिवदास को बाहर निकाल लिया। बाद में उसे होश आया।
उसने बताया कि अंदर पंतलाल और रामकिशन फंसे हैं। दमकल कर्मियों ने करीब 30 मिनट के बाद उनको भी बाहर निकाला लिया। न्यू फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि किसने इन मजदूरों को बिना सुरक्षा उपकरणों के सफाई के लिए भेजा।