महिलाओं के लिए घर भी अब उनके लिए सुरक्षित नहीं रहा। उनकी आबरू को उनके परिचित और रिश्तेदार ही तार-तार कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस के आंकड़े यहीं दर्शाते हैं।
राजधानी में 86.73 फीसदी महिलाओं का घर में दुष्कर्म हुआ, जिसमें 53.02 फीसदी मामलों में परिचित व रिश्तेदार शामिल हैं। वहीं, 39.88 फीसदी छेड़छाड़ की घटनाएं को घरों में अंजाम दिया गया है, जबकि 39.25 फीसदी मामले सड़क पर हुए।
वहीं, पिछली साल की तुलना में 15 दिसंबर तक दुष्कर्म की घटनाओं में कमी आई है। पिछले साल दुष्कर्म के 2166 मामले दर्ज किए गए थे।
53 फीसदी मामलों में करीबियों ने बनाया शिकार
वहीं इस वर्ष 2095 मामले सामने आए हैं। इन वर्ष दुष्कर्म के मामलों में चौंकाने वाली बात यह है कि सिर्फ 3.39 फीसदी मामले ऐसे हैं जिसमें अंजान शख्स ने दुष्कर्म को अंजाम दिया।
जबकि 53.02 फीसदी मामलों में रिश्तेदार और पारिवारिक दोस्त शामिल हैं। वहीं 16.47 फीसदी मामलों में पड़ोसी, 2.10 फीसदी मामलों में सहकर्मी और 25.01 फीसदी पहचान वाले शामिल हैं।
जबकि 25.10 ऐसे मामले हैं जिसमें लिव-इन-रिलेशन में रहने के बाद शादी से इंकार करने पर दुष्कर्म की शिकायत दर्ज करवाई गई।
महिलाओं पर हो रहे अपराध पर चिंतित पुलिस
दिल्ली पुलिस आयुक्त भीमसेन बस्सी ने कहा कि दिल्ली पुलिस हमेशा से महिलाओं पर होने वाले अपराध को लेकर चिंतित रही है। पुलिस महिला पर होने वाले अपराध को कमतर नहीं आंकती है।
महिला पुलिस अधिकारियों को सादी वर्दी में कई जगहों पर मुस्तैद कर करीब 43071 युवाओं को गलत हरकत करते हुए पकड़ा गया।
ऑपरेशन निर्भिक के तहत लड़कियों को उनके सुरक्षा के बारे में जानकारी दी।
इसके तहत पुलिस 5023 स्कूलों में गई, जहां करीब पांच लाख बच्चों से मुलाकात की। इस दौरान पुलिस को 2236 शिकायतें मिली। इसके तहत 12 मामले दर्ज हुए।
ऑपरेशन भरोसा के तहत घरों में जाकर महिलाओं पर हो रहे अपराध को लेकर बातचीत की। पुलिस 93,069 घरों में गई, जहां से 26067 शिकायतें मिली। इनमें से 22,002 मामलों को सुलझाया गया।
सुरक्षा के लिए शुरू की कैब सेवा...लेकिन
इसके अलावा पुलिस ने महिलाओं के लिए कैब सेवा शुरू की, जिसमें चालक महिलाएं हैं। आदर्श समाज का सपना साकार करने के लिए पुलिस ने सर्विस प्रोवाइडर के साथ मिलकर इस सेवा की शुरूआत की।
पुलिस ने इस कैब सेवा के विस्तार पर विचार कर रही है। पुलिस ने महिला चालकों को सेल्फ डिफेंस व फिटनेस की ट्रेनिंग भी दी। साथ ही कैब में कई तरह के सिक्योरिटी फीचर भी मुहैया करवाए।