दिल्ली महिला आयोग ने नाबालिग को बाल विवाह से बचाया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली महिला आयोग ने सुल्तानपुरी क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग को बाल विवाह से बचाया। आयोग की टीम ने शिकायत मिलने के बाद सुल्तानपुरी जाकर बालिका की मां को समझाया। उसकी मां ने उसकी शादी करने की तैयारी कर ली थी।
आयोग के अनुसार बालिका के मामा ने आयोग को सूचित किया था कि उसकी बहन अपनी 15 वर्षीय बेटी की शादी की तैयारी कर रही है। इसके बाद आयोग की टीम पुलिस के साथ मिलकर बालिका के घर पहुंची। मां ने विवाह की योजना बनाने की बात स्वीकार की। वह बालिका और उसके परिवार को पुलिस स्टेशन ले आई। वहां उन्हें काउंसलिंग दी गई। काउंसलिंग के दौरान बालिका की मां ने विवाह को निरस्त करने पर सहमति व्यक्त की। इसके अलावा बालिका को आयोग में पेश किया गया, जहां तय हुआ कि एसडीएम कार्यालय इस मामले पर कड़ी नजर रखेगा।