दिल्ली में कई ऐसी जगहें हैं जो महिला सुरक्षा की दृष्टि से बेहद सुरक्षित मानी जाती हैं, उनमें से दिल्ली मेट्रो भी एक है। लेकिन गुरुवार को सामने आई एक घटना यह भ्रम भी तोड़ती नजर आती है। दरअसल एक महिला ने यह आरोप लगाया है कि दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन के एक स्टेशन पर उसके साथ यौन शोषण हुआ। अपनी पूरी आपबीती पीड़िता ने ट्विटर के माध्यम से साझा की है।
महिला के ट्वीट पर दिल्ली पुलिस ने उत्तर देते हुए उससे कॉन्टैक्ट डिटेल मांगी है ताकि वह उस तक पहुंचकर उचित कार्रवाई कर सकें। साथ ही डीएमआरसी ने पीड़िता से घटना का सटीक समय पूछा है ताकि वो भी अपनी ओर से कार्रवाई कर सकें।
ट्वीट्स की श्रृंखला के माध्यम से महिला ने बताया कि गुरुवार शाम उसने जोर बाग स्टेशन से ट्रेन पकड़ी तो एक शख्स ने उससे कहीं का पता पूछा। अपने नियत स्टेशन पर उतरने के बाद वह प्लेटफॉर्म पर ही बैठकर कैब बुक करने लगी तो फिर वही शख्स पता कंफर्म करने आ पहुंचा।
उस शख्स ने एक फाइल जिसमें पता लिखा था उसे दिखाने के बहाने महिला के सामने अपने प्राइवेट पार्ट्स दिखाने लगा, यह देख महिला सहम गई। महिला ने ट्वीट में बताया कि उसने फिर कुछ दूर खड़े पुलिसवाले से मदद मांगी तो उसने साफ इनकार कर दिया और ऊपर जाकर बात करने को कहा। वही डरी हुई थी लेकिन उसने किसी तरह हिम्मत जुटाई और ऊपर जाकर एक अन्य पुलिसकर्मी से मदद मांगी।
अधिकारियों ने पीड़िता पर लगाया तमाशा करने का आरोप
महिला ने उससे सीसीटीवी रूम तक ले जाने की बात कही ताकि वह उस शख्स को पहचानकर बता सके। यह सबकुछ कैमरे में कैद हो चुका था लेकिन फिर उन्होंने फुटेज में ये भी देखा कि वह शख्स मेट्रो पकड़कर वहां से जा चुका था।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने अधिकारियों से कार्रवाई के लिए कहा तो उन्होंने उसे ही तमाशा करने के लिए दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि अब वह कुछ नहीं कर सकते क्योंकि आरोपी जा चुका है। महिला का कहना है कि वह इस घटना से बेहद डर गई है और उसका यह विश्वास भी हिल गया है कि मेट्रो सुरक्षित हैं। पीड़िता का कहना है कि उसने यह घटना इसलिए साझा की ताकि बात उचित अधिकारियों तक पहुंचे और उन्हें पता चले कि उनके सुरक्षा इंतजाम कितने खराब हैं।
ऐसी परिस्थिति में इन नंबरों पर करें कॉल
पीड़िता के ट्वीट पर डीएमआरसी ने उससे घटना का सटीक समय पूछा है। डीएमआरसी ने अपने ट्वीट में लिखा, ऐसे मामलों में यात्रियों को तुरंत पास के मेट्रो स्टाफ से या स्टेशन पर मौजूद कस्टमर केयर से संपर्क करना चाहिए। वह डीएमआरसी हेल्पलाइन 155370, सीआईएसएफ हेल्पलाइन 155655 पर भी कॉल सकते हैं जहां त्वरित सहायता की जाती है।