15 से अधिक उड़ानों को डायवर्ट किया गया
जानकारी के अनुसार, इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट (आईजीआईए) पर 15 से अधिक उड़ानों को डायवर्ट किया गया। एयरपोर्ट ऑपरेटर डायल ने शाम 7.15 बजे एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'दिल्ली में खराब मौसम के कारण, दिल्ली एयरपोर्ट पर कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे उड़ान संबंधी नवीनतम अपडेट के लिए अपनी संबंधित एयरलाइनों से संपर्क करें।'
हवाई यातायात जाम हो रहा
इंडिगो ने कहा कि दिल्ली और जयपुर में धूल भरी आंधी चल रही है, जिससे उड़ान और लैंडिंग प्रभावित हो रही है और संभावित रूप से हवाई यातायात जाम हो रहा है। ऑपरेटर ने पोस्ट में कहा कि इससे देरी या डायवर्जन हो सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली और आसपास के एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें आने वाले घंटों में खराब मौसम की स्थिति की चेतावनी दी गई है।
तेज हवा के बीच बारिश ने धोया प्रदूषण
राजधानी में बृहस्पतिवार को तेज हवा के बीच हल्की बूंदाबांदी ने प्रदूषण को धो दिया है। इससे लोगों को प्रदूषित हवा से राहत मिली है। शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 164 दर्ज किया गया। यह हवा की मध्यम श्रेणी है। इसमें बृहस्पतिवार की तुलना में 92 अंकों की गिरावट दर्ज की गई है।
रविवार तक हवा मध्यम श्रेणी में रहने का अनुमान
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि रविवार तक हवा मध्यम श्रेणी में रहने का अनुमान है। वहीं, शुक्रवार को हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से 16 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चली। शनिवार को हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से 10 से 12 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चल सकती है। वहीं, रविवार को हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से 8 से 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चलने का अनुमान है।
ग्रेटर नोएडा की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही
इसके अलावा सोमवार को हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से छह से आठ किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चल सकती है। ऐसे में सोमवार को हवा फिर से खराब श्रेणी में पहुंच सकती है। सीपीसीबी के अनुसार, एनसीआर में दिल्ली के बाद ग्रेटर नोएडा की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां एक्यूआई 148 दर्ज किया गया, जोकि हवा की मध्यम श्रेणी है। वहीं, नोएडा में एक्यूआई सबसे कम दर्ज हुआ। यहां एक्यूआई 106 रहा, जोकि मध्यम श्रेणी में है। गाजियाबाद में 110 एक्यूआई दर्ज किया गया।
कई इलाकों में गिरे पेड़
राष्ट्रीय राजधानी में धूल भरी आंधी के बाद कई इलाकों में पेड़ गिरे।
सराय रोहिल्ला इलाके में पेड़ गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त
दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में एक पेड़ गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
आरके आश्रम रोड के पास गिरा पेड़
नई दिल्ली में शुक्रवार को आई तेज आंधी से आरके आश्रम रोड के पास पेड़ गिर गया। इसके कारण रोड को बंद करना पड़ा।