तीन डिग्री से नीचे लुढ़का पारा
सोमवार सुबह की शुरूआत कोहरे व धुंध के बीच हुई। इससे दृश्यता भी कम रही। सुबह बर्फीली हवाओं और तीन डिग्री सेल्सियस से भी नीचे लुढ़के पारे ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। हालांकि, दोपहर आते-आते सूर्यदेव ने दर्शन दिए, इससे लोगों को कुछ राहत मिली। लेकिन, शाम को फिर तेज ठंडी हवाओं ने गलन बढ़ा दी। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री कम के साथ 18.8 रहा। इसके अलावा, न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से 4.2 डिग्री कम रहा। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 53 प्रतिशत रही।
शीतलहर व कोहरे की रही स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार, रिज में 4.2 और आया नगर में 3.2, लोधी रोड में 3 व पालम में 3.3 न्यूनतम पारा दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिल्ली के विभिन्न इलाकों में शीतलहर और कोहरे की स्थिति महसूस की गई। इसमें सफदरजंग, पालम, लोधी रोड सीएचओ और आयानगर में ठंडक बढ़ी हुई रही। वहीं, पालम में सुबह 8:30 बजे हल्के कोहरे के कारण दृष्टि क्षमता केवल 200 मीटर रही। वहीं, सफदरजंग में सुबह 8 बजे हल्के कोहरे के कारण दृश्यता लगभग 800 मीटर तक सीमित रही।
कुछ जगहों पर महसूस होगी शीतलहर
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह-सुबह और देर रात के समय ठंड और कोहरे के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। वाहन चालकों को भी कोहरे के कारण सड़क पर सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आगामी दिनों में दिल्ली और आसपास के इलाकों में दिन का मौसम ज्यादातर साफ रहेगा, जबकि सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा बने रहने की संभावना है। कुछ जगहों पर शीतलहर भी महसूस हो सकती है। आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना भी बनी रहेगी।
आज शीतलहर का ऑरेंज और 14 जनवरी को यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, 13 जनवरी यानी आज दिन का तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। अधिकांश जगहों पर आसमान साफ रहेगा। सुबह हल्का से मध्यम कोहरा और कुछ अलग-थलग जगहों पर घना कोहरा रहेगा। ऐसे में मौसम विभाग ने शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 14 जनवरी को दिन का तापमान 19 से 21 और रात का तापमान तीन से पांच डिग्री के बीच रहेगा। मुख्य रूप से आसमान साफ रहेगा। सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा और कुछ अलग-थलग जगहों पर शीतलहर की स्थिति होगी। ऐसे में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी है।
15 से 18 जनवरी तक ठंड का प्रकोप रहेगा जारी
मौसम विभाग के अनुसार, 15 जनवरी को दिन का तापमान 20 से 22 और रात का तापमान पांच से सात डिग्री के बीच रहेगा। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। वहीं, 16 जनवरी को दिन का तापमान 21 से 23 और रात का तापमान छह से आठ डिग्री के बीच रहेगा। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। इसके अलावा, 17 जनवरी को दिन का तापमान 21 से 23 और रात का तापमान आठ से दस डिग्री के बीच रहेगा। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। यही नहीं, 18 जनवरी को दिन का तापमान 21 से 23 और रात का तापमान आठ से दस डिग्री के बीच रहेगा। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि सुबह और देर रात के समय ठंड और कोहरे के कारण वाहन चालकों को सतर्क रहना चाहिए। दिन का समय हल्का सुहावना रहेगा।
इस दिन इतना रहा न्यूनतम पारा
सीजन का दूसरा कोल्ड डे नए साल से ठीक पहले यानी 31 दिसंबर 2025 को रिकॉर्ड किया गया था। 31 दिसंबर 2025 दिल्ली में कई जगहों पर कोल्ड डे और कुछ जगहों पर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति देखी गई थी। 31 दिसंबर 2025 को दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री रिकार्ड किया गया था, जो सामान्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। यह दिसंबर के सबसे ठंडे दिन के रूप में रिकॉर्ड किया गया था। वहीं, 20 दिसंबर 2025 को भी कोल्ड डे यानी शीत दिवस की स्थिति बनी थी। 20 दिसंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था जो सामान्य से 5.3 डिग्री कम रहा।
क्या कहते हैं पिछले आंकड़े?
कड़ाके की ठंड के पिछले आंकड़ों पर गौर करें तो दिसंबर 2014 में अधिकतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस का रिकॉर्ड दर्ज किया गया था। इसके बाद साल 2019 में 29 दिसंबर को अधिकतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
कब माना जाता है कोल्ड डे?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मैदानी इलाकों में जब न्यूनतम तापमान दस डिग्री से कम रहे और अधिकतम तापमान में भी सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ जाए तो उस दिन को कोल्ड डे यानी शीत दिवस के रूप में दर्ज किया जाता है। इसके अलावा, मैदानी इलाकों में जब भी न्यूनतम तापमान दस डिग्री से कम रहे साथ ही अधिकतम तापमान में भी यदि सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट देखी जाए तो उस दिन को सीवियर कोल्ड डे यानी गंभीर शीत दिवस के रूप में दर्ज किया जाता है।
इन बातों का रखें ख्याल
-कंपकंपी को नजरअंदाज न करें। लंबे समय तक ठंड में रहने से बचें।
-एक भारी कपड़े की बजाय कई गर्म ऊनी कपड़े पहनें।
-सिर, गर्दन, हाथों और पैरों को अच्छी तरह से ढंकें।