फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Water Crisis : बाजार में भी नहीं पानी, संकट में फंसी जिंदगानी; तपती दिल्ली में संगम विहार बेपानी

Sat, 15 Jun 2024 05:44 AM IST
दुष्यंत शर्मा विनोद डबास, नई दिल्ली

सार

भीषण गर्मी में दिल्ली जल बोर्ड से ही नहीं, बल्कि बाजार में भी पानी मिलना बंद हो गया है। पानी की व्यवस्था करने के कारण हमारी दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है। हम तेल अधिक और पानी कम उपयोग कर रहे हैं। हमारे कुछ पड़ोसी मकान बेचकर चले गए हैं और कई बेचने की तैयारी कर चुके हैं। करीब दस लाख की बसावट वाली संगम विहार काॅलोनी की गलियों में इस तरह की कहानियां पसरी हैं।
विज्ञापन
दिल्ली में पानी की किल्लत - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हमारे इलाके में निरंतर पेयजल संकट बना रहता है। इस बार तो हालात असहनीय हो गए हैं। भीषण गर्मी में दिल्ली जल बोर्ड से ही नहीं, बल्कि बाजार में भी पानी मिलना बंद हो गया है। पानी की व्यवस्था करने के कारण हमारी दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है। हम तेल अधिक और पानी कम उपयोग कर रहे हैं। हमारे कुछ पड़ोसी मकान बेचकर चले गए हैं और कई बेचने की तैयारी कर चुके हैं। करीब दस लाख की बसावट वाली संगम विहार काॅलोनी की गलियों में इस तरह की कहानियां पसरी हैं। जल संकट की बात करते ही लोग मजबूरी बयां करने लगते हैं।

विज्ञापन


पेयजल संकट की स्थिति का शुक्रवार को अमर उजाला ने दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार में जायजा लिया। दोपहर की भीषण गर्मी में इलाके के निवासी घरों में दुबकने के बजाय पानी के लिए इधर-उधर भटकते दिखे। बी-ब्लाॅक में लोगों की कुछ अधिक ही चहल-पहल दिखाई दी। यहां पर एक सप्ताह बाद दिल्ली जल बोर्ड के टैंकर की पानी लेकर आने की संभावना थी। इस कारण लोग टैंकर के इंतजार में कभी मुख्य सड़क पर तो कभी गली में घूम रहे थे।

स्थानीय निवासी संतरा ने बताया कि उनके यहां दिल्ली जल बोर्ड ने टैंकर भेजने के लिए पाइंट बना रखे हैं। सभी पाइंटों पर कभी सात दिनों में तो कभी नौ दिन बाद दिल्ली जल बोर्ड का टैंकर पानी लेकर आता है। उन्हें टैंकर से बहुत ही कम पानी मिलता है, अगले चार-पांच दिन में ही खत्म हो जाता है। इसके बाद गली के लोग मिलकर निजी टैंकर मंगवाते हैं। मगर अब 15 दिन से निजी टैंकर वाले भी फोन नहीं उठा रहे हैं। वह पहले दो-ढाई हजार लीटर क्षमता के टैंकर के 1300 रुपये लेते थे, अब लोग कैन में पानी खरीदकर लाते हैं। इसी ब्लाॅक की एक अन्य महिला कमलेश कहती हैं कि वह पानी के लिए तरस गई हैं। उनके घर में पानी कम और तेल अधिक उपयोग हो रहा है।
विज्ञापन


नहीं हो सकेगी जुमे की नमाज
मुमताज ने बताया कि आज गली में टैंकर आया था। हफ्ते भर के पानी का इंतजाम करना था। इसमें इस तरह फंसना हुआ कि दोपहर जुमे की नमाज अता नहीं करने जा सकी। जल संकट से दिनचर्या प्रभावित हो गई है।

कुछ ने बेची प्राॅपर्टी, कुछ तलाश रहे ग्राहक
पानी की किल्लत ने लोगों की जिंदगी को कई तरह से प्रभावित किया है। पानी की होने वाली चिकचिक से कुछ लोगों ने मकान तक बेच दिए। वहीं, कई इस वक्त ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। स्थानीय निवासी आनंद कुमार की मानें तो दिक्कत साल भर रहती है, लेकिन इस बार की गर्मी ने सारी हदें पार कर दी हैं। बाजार तक में पानी मुश्किल हो गया है।

पाइप लाइनों से पानी देने की नहीं हुई शुरुआत
संगम विहार बी ब्लाॅक निवासी प्रदीप ने बताया कि उनके यहां पर तीन साल पहले दिल्ली जल बोर्ड ने पाइप लाइन डाली थी। मगर इस लाइन को आज तक चालू नहीं किया गया है। पाइप लाइन में न तो पानी छोड़ने व न ही लोगों के घरों में कनेक्शन देने की पहल की है। इस तरह दिल्ली जल बोर्ड ने उनके साथ मजाक कर रखा है। वहीं आरपी सिंह के मुताबिक, काॅलोनी के निवासियों ने वर्षों पहले गलियों में एक पाइप लाइन डालकर उसे मुख्य पाइप लाइन से जोड़ा था। इस पाइप लाइन से लोगों ने घरों में कनेक्शन ले रखे हैं, मगर अब इस पाइप लाइन में भी पानी आना बंद हो गया है।

मुनक नहर से पानी चुराते दो टैंकर जब्त
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने मुनक नहर से पानी चोरी करने के आरोप में दो टैंकर को जब्त किया है, जबकि चालक फरार हो गए। दिल्ली में जल संकट बढ़ने के बाद टैंकर माफिया की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस को तैनात किया गया है। पुलिस नहर पर गश्त कर रही है। पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान एक टैंकर को कृषि क्षेत्र के पास कच्ची सदर और दूसरे को डी-ब्लॉक डीएसआईआईडीसी से जब्त किया गया। इस संबंध में बवाना और नरेला औद्योगिक क्षेत्र पुलिस स्टेशनों में पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज किए गए हैं। नहर पर गश्त के लिए 56 पुलिसकर्मियोंं को तैनात किया गया है, जो शिफ्ट में गश्त कर रहे हैं। पुलिस ने पिकेट भी लगाई है। पुलिस हरियाणा की सीमाओं पर नहर के 15 किलोमीटर के हिस्से में गश्त कर रही है।
विज्ञापन



 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें