पुलिस हिंसा के दौरान ताहिर हुसैन के घर की छत से भारी मात्रा में पेट्रोल बम, पत्थर और वेल्डिंग से बनाई गई गुलेल बरामद की गई थी। इस घटना की एक वीडियो फुटेज भी वायरल हुई थी, जिसमें छत पर ताहिर हुसैन भी हिंसा को भड़काते हुए दिखा था।
इसके बाद पुलिस ने 26 फरवरी को चांद बाग इलाके से आईबी कर्मी अंकित शर्मा का शव नाले से बरामद किया था। नाले से अंकित का शव मिलने के बाद उसके पिता रविंद्र कुमार ने ताहिर हुसैन पर अपने बेटे की हत्या का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने ताहिर हुसैन के खिलाफ अंकित की हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
इसके बाद पुलिस ने ताहिर हुसैन को कड़कड़डूमा कोर्ट की पार्किंग से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में ताहिर हुसैन ने पुलिस को बताया था कि हिंसा के बाद वह मुस्तफाबाद के नेहरु विहार इलाके में गया था और उसके बाद दो दिनों तक ओखला के जाकिर नगर इलाके में तारीक के घर में छुपा था।
पुलिस ने ताहिर को 6 मार्च को कड़कड़डूमा कोर्ट में पेश किया और कोर्ट ने ताहिर हुसैन को सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। उत्तर-पूर्वी जिले में हुई हिंसा में अब तक 53 लोगों की मौत हो चुकी है और 300 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।