दिल्ली सरकार ने शीला सरकार के वक्त हुए कथित घोटालों से जुड़े मामलों में एलजी नजीब जंग समेत एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) चीफ मुकेश मीणा को भी सह आरोपी बनाए जाने की मांग की है। अब दिल्ली विधानसभा की पिटिशन कमिटी ने भी यह निर्णय लिया है कि एलजी के साथ एसीबी चीफ को भी समन किया जाए।
बता दें कि दिल्ली के विधायकों की मांग पर विधानसभा स्पीकर ने कथित घोटालों से जुड़े मामलों को पिटिशन कमिटी को भेजा था। इसके बाद कमिटी की अध्यक्ष और डिप्टी स्पीकर राखी बिड़लान ने बृहस्पतिवार को हुई पहली बैठक में इस बात पर एकमत हो सहमति जताई।
उन्होंने कहा कि ये पांचों मामले काफी गंभीर हैं और एफआईआर दर्ज होने के बाद भी कोई एक्शन नहीं लिया गया। ऐसे में एलजी और एसीबी प्रमुख के साथ ही सभी मामलों से जुड़े जांच अधिकारियों के खिलाफ भी समन किया जाए।
कमिटी ने समन करने का फैसला ले लिया गया है लेकिन इससे पहले वैधानिक सलाह ली जाएगी। गौरतलब है कि बुधवार को आप के 12 विधायक इसी सिलसिले में राजभवन पहुंचे थे और एलजी ने उनसे मिलने से इंकार कर दिया था।