10 नवंबर को वारदात, 14 को कराया गया अस्पताल में भर्ती
पुलिस के अनुसार, अपार्टमेंट में रहने वाले एक अधिवक्ता ने इस संबंध में शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि 10 नवंबर को परिसर में एक कुत्ता गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। उसके शरीर पर जलने के निशान थे। इसके बाद 11 नवंबर को स्थानीय निवासियों ने उसे मसूदपुर स्थित पशु चिकित्सक के पास पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर 14 नवंबर को उसे वसंत कुंज के अल्फा पेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, पशु चिकित्सकों ने शुरुआती जांच में चोटों को आग, पटाखे या गर्म पानी से होने वाली चोटों जैसा नहीं पाया। आशंका जताई गई कि किसी ने कुत्ते पर तेजाब या कोई अन्य रसायन डालकर उसे जलाया है।
सीसीटीवी में दिखे दो संदिग्ध
शिकायत में सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज का हवाला देते हुए 9 नवंबर की रात दो अज्ञात लोगों की गतिविधियों पर संदेह जताया गया है। दोनों अलग-अलग समय पर आठवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट की ओर जाते दिखाई दिए। इसके अलावा सातवीं मंजिल पर सफेद रंग का संदिग्ध निशान और छत पर सफाई में इस्तेमाल होने वाले रसायन की एक बोतल भी मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध पदार्थों की जांच के साथ मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपी की पहचान की जा रही है।