फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्लीः UPSC की परीक्षा में देर से पहुंचा तो परीक्षक ने वापस लौटाया, तनाव में कर ली आत्महत्या

Tue, 05 Jun 2018 09:29 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन

परीक्षा केंद्र पर देरी से पहुंचने के कारण प्रवेश नहीं मिल पाने की वजह से दिल्ली के राजेंद्र नगर में रविवार को यूपीएससी के एक छात्र ने फांसी लगा ली। मृतक की शिनाख्त वरुण सुभाष चंद्रन (28) के रूप में हुई है।

विज्ञापन


वरुण मूल रूप से कर्नाटक का रहने वाला है। दरअसल, रविवार को यूपीएससी की प्रीलिम परीक्षा थी, जिसमें वरुण चंद मिनटों की देरी से पहुंचा था। पुलिस को एक पेज का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने केंद्र पर देरी से पहुंचने की बात कर माता-पिता से उसे भूलने की बात लिखी है।

पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद वरुण का शव परिजनों को सौंप दिया है। परिवार शव लेकर कर्नाटक रवाना हो गया। राजेंद्र नगर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। साथ ही उसके दोस्तों से पूछताछ और परीक्षा केंद्र पर भी जांच की जा रही है।  
विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक, वरुण पिछले करीब एक साल से राजेंद्र नगर स्थित 10/10 मकान में किराए पर रह रहा था। इससे पूर्व वह दिल्ली के दूसरे इलाकों में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा था।

वरुण के माता-पिता व परिवार के बाकी सदस्य कर्नाटक में रहते हैं। परिवार में पिता एम.डी सुभाष चंद्रन, मां पदमजा, एक बहन व जीजा हैं। पिता सरकारी विभाग में वैज्ञानिक थे। फिलहाल वह रिटायर हैं। धरवाड़ से इंजीनियरिंग करने के बाद वरुण यूपीएससी की तैयारी करने दिल्ली आ गया था। फिलहाल वह राजेंद्र नगर स्थित एक कोचिंग सेंटर से पढ़ाई कर रहा था। 

फोन नहीं उठने पर दोस्त को घर भेजा

सुसाइड नोट में वरुण ने लिखा कि वह परीक्षा केंद्र पर 9.24 बजे पहुंचा, जबकि उसे 9.20 तक पहुंचना था। जिसकी वजह से उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। वह काफी हताश हुआ और घर वापस आ गया। इधर, परिजनों ने प्री एग्जाम की पहली परीक्षा समाप्त होने के बाद 11.30 बजे कॉल की तो वरुण का फोन नहीं उठा।  

शाम 4.30 बजे दूसरी परीक्षा समाप्त हुई तो भी वरुण का फोन नहीं उठा। वरुण की दोस्त सुप्रिया को कॉल कर वरुण के बारे में पूछा गया। सुप्रिया जब वरुण के रूम पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। मकान मालिक व अन्य पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो देखा कि वरुण पंखे के सहारे फंदे से लटका था। शाम 5.55 बजे पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की 

महज चार मिनट की देरी पर खुदकुशी
पहाड़गंज के केसरुवालान में यूपीएससी की परीक्षा के दो केंद्र थे। वरुण का सेंटर सर्वोदय बाल विद्यालय केसरुवालान (कोड-121) में पड़ा था। करीब 8.45 बजे वरुण राजेंद्र नगर से पहाड़गंज के केसरुवालान पहुंच गया। स्कूल के बाहर पहुंचने पर उसे पता चला कि उसका सेंटर उस स्कूल में नहीं दूसरे स्कूल में है।  वह दूसरा स्कूल ढूंढता रहा। नतीजा यह रहा कि वरुण सेंटर पर 9.24 बजे पहुंचा। अधिकारियों ने नियमों के अनुसार, 9.20 तक ताला लगा दिया। वरुण ने मिन्नतें भी की, लेकिन किसी ने एक नहीं सुनी। इस बात से वरुण ने हताश होकर फांसी लगा ली। 
विज्ञापन

इस बार काफी दबाव में था वरुण

पिछले कई सालों से वरुण लगातार यूपीएससी की परीक्षा दे रहा था। माता-पिता चाहते थे कि वरुण आईएएस बने। लेकिन तीन बार परीक्षा देने के बाद वह पास नहीं हुआ था। वरुण के दोस्तों ने बताया कि वह पिछले कुछ माह से लगातार 24 घंटे में 18 घंटे पढ़ाई कर रहा था। इस बार की तैयारी को लेकर भी वह काफी उत्साहित था। लेकिन परीक्षा न देने पाने की बात को वह बर्दाश्त नहीं कर पाया और उसने फांसी लगा ली। 

परिजन व दोस्त हैरान
पुलिस ने रविवार शाम को वरुण की मौत की सूचना परिजनों को दी। खबर मिलते ही सोमवार सुबह वरुण की बहन व जीजा शव के पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी करने दिल्ली पहुंच गए। हालांकि दोनों ने मीडिया से बातचीत नहीं की, बस इतना ही बताया कि वरुण के इस कदम से वह हैरान हैं। उन्हें बिल्कुल भी उम्मीद नही थी कि वरुण ऐसा करेगा। वहीं, वरुण के साथ तैयारी कर रहे अन्य छात्र भी हैरान है। सभी का कहना था कि परीक्षा केंद्र में यदि वरुण को एंट्री मिल जाती तो शायद वह ऐसा कदम नहीं उठाता। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें