दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से दाखिला प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए आयोजित हो रहे ओपन डेज के आखिरी दिन बड़ी संख्या में छात्र व अभिभावक पहुंचे। जैसे-जैसे ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे छात्रों के सवाल भी बढ़ने लगे हैं।
छात्र दाखिले के आवेदन की कैटिगरी, आरक्षण की कैटिगरी, जरूरी दस्तावेजों के अलावा अंकों के आधार पर कॉलेज और पाठ्यक्रम पर में दाखिले को लेकर सवाल पूछ रहे है। बुधवार को डीयू की ओर से नॉर्थ कैंपस में कांफ्रेंस रूप में आखिरी ओपन डेज का आयोजन किया गया।
आगे ओपन डेज होंगे लेकिन यह कॉलेज स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। ओपन डेज का आयोजन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक अलग-अलग कॉलेज में होगा। शुरूआत एक जून से कमला नेहरू कॉलेज में होगा।
प्रश्न: पीडब्लयूडी श्रेणी के लिए कौन से आवेदक आवेदन कर सकते हैं? कितनी डिसेबिलिटी होने पर उसे पीडब्ल्यूडी वर्ग में माना जाएगा?
उत्तर-पीडब्ल्यूडी (पर्सन विद डिसेबिलेटी) श्रेणी के लिए वह ही आवेदक आवेदन कर सकते हैं, जो कि कम से कम 40 फीसदी अक्षम हों।
प्रश्न: बीएससी केमिस्ट्री ऑनर्स में दाखिला लेना चाहता हूं। क्या बेस्ट फोर के अंकों में गणित के नंबर जोडने जरूरी हैं?
उत्तर: बीएससी केमिस्ट्री ऑनर्स में बेस्ट फोर के अंक नहीं जुड़ते हैं। केवल फिजिक्स केमिस्ट्री, मैथ के अंकों के आधार पर ही दाखिला मिलता है।
प्रश्न: क्या रेगुलर कोर्सेज के साथ सर्टिफिकेट लैंग्वेज कोर्स किया जा सकता है?
उत्तर-आप रेगुलर कॉलेज के साथ सर्टिफिकेट कोर्सेज (ऑफिस मैनेजमेंट, विदेशी भाषा) कर सकते हैं। छात्रों को सलाह दी गई कि पहले साल में कोई सर्टिफिकेट कोर्स ना करे। पहले साल कॉलेज व कोर्स को समझे।
प्रश्न: जाति प्रमाण पत्र का आवेदक के नाम पर होना अनिवार्य है?
उत्तर: जी हां, यदि कोई आवेदक आरक्षित श्रेणियों (एससी-एसटी, ओबीसी, पीडब्लयूडी के तहत आवेदन कर रहा है तो उसके जाति प्रमाण पत्र उसके स्वयं के नाम पर होना अनिवार्य है। प्रश्न: मैंने 12वीं की पढ़ाई दिल्ली से की है। मेरे बास ओबीसी प्रमाण पत्र उत्तर प्रदेश का है। क्या मुझे डीयू में ओबीसी श्रेणी में दाखिला मिलेगा। क्या दिल्ली के छात्रों को मिलने वाले कोटा का लाभ ले सकता हूं।
उत्तर: डीयू दाखिले में दिल्ली के छात्रों के लिए कोई कोटा निर्धारित नहीं है। दाखिले के लिए उत्तर प्रदेश के ओबीसी प्रमाण पत्र के साथ आवेदन कर सकते हैं। ओबीसी श्रेणी में बनने वाले कटऑफ के आधार पर दाखिला मिलेगा।
अब यहां होंगे ओपन डेज
तारीख कॉलेज
1 जून कमला नेहरू कॉलेज
2 जून हंसराज कॉलेज
3 जून श्री गुरु गोविंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स
5 जून आत्माराम सनातक धर्म कॉलेज (एआरएसजी) साउथ कैंपस
6 जून भीम राव अंबेडकर कॉलेज शाहदरा पूर्वी दिल्ली
7 जून दयाल सिंह कॉलेज
8 जून जाकिर हुसैन इवनिंग कॉलेज
9 जून जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज