छावला इलाके में अर्बन एक्सटेंशन रोड (यूईआर-2) पर बृहस्पतिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 34 वर्षीय ट्रैवल एडवाइजर की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नीरज गोहर (34) के रूप में हुई है। नीरज अपनी एसयूवी कार से नजफगढ़ से द्वारका की ओर जा रहे थे। गोयला डेयरी के पास कार आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के सामने के हिस्से के परखचे उड़ गए। गंभीर रूप से घायल चालक को पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती जांच में पता चला कि घटना के समय कार की रफ्तार काफी थी और वह कार की रफ्तार को नियंत्रित नहीं कर पाए। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार रात करीब 9.12 बजे छावला थाना पुलिस को सड़क हादसे की जानकारी मिली। हादसा यूईआर-2 की मुख्य सड़क पर साहिबी नदी के पास नजफगढ़ से द्वारका जाने वाली दिशा में दाईं लेन पर हुई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पुलिस ने देखा कि एसयूवी कार ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गई है, जिससे कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। वहां काफी भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने घायल चालक को किसी तरह से कार से बाहर निकाला। वह बुरी तरह से जख्मी हालत में थे। पुलिस ने पीसीआर वैन से उन्हें इंदिरा गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
छानबीन में मृत चालक की पहचान श्याम विहार फेज-1 निवासी नीरज गोहर (34) के रूप में हुई है। परिवार में पत्नी और छोटे भाई हैं। घटना के समय वह किसी काम से जा रहे थे। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर छानबीन करने के बाद ट्रक चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
चालक ने पूछताछ में दावा किया कि हादसे के समय उसका ट्रक धीमी गति से चल रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कार उससे टकरा गई। पुलिस हादसे के कारणों और उन परिस्थितियों की जांच कर रही है, जिनमें एसयूवी ट्रक से टकराई।
सड़क पार कर रही बुजुर्ग महिला को स्कूटी ने मारी टक्कर, चारपहिया ने कुचला, मौत
पश्चिमी दिल्ली के इंद्रपुरी इलाके में शुक्रवार सुबह सड़क पार कर रही 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। आरोप है कि पहले एक स्कूटी ने महिला को टक्कर मारी और इसके बाद पीछे से आए एक अन्य चार पहिया वाहन ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर बेहोश हो गईं। उन्हें उपचार के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान मदीना खातून के रूप में हुई है। वह अपने तीन बच्चों के साथ रहती थीं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे मदीना खातून घर से बाहर निकली थीं। वह सड़क पार कर रही थीं, तभी एक स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक अन्य चार पहिया वाहन ने उन्हें कुचल दिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए।
बुजुर्ग महिला की मौत से गुस्साए कुछ स्थानीय लोगों ने हादसे में शामिल स्कूटी को आग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बतााय कि हादसे में शामिल सभी लोगों की पहचान कर ली गई है।