भारत मंडपम में होना है आयोजित
एडवाइजरी के अनुसार, मोटरकेड रिहर्सल 8 सितंबर को रात 7:45 बजे से रात 10:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। गौरतलब है कि मुख्य ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 11 से 13 सितंबर तक प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित किया जाना है। यातायात पुलिस ने बताया कि इस दौरान 35 से अधिक सड़कों पर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा और 22 प्रमुख बिंदुओं पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा।
कहां-कहां से होगा डायवर्जन?
ट्रैफिक पुलिस ने 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए हैं। डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, कस्तूरबा गांधी मार्ग (आउटर सर्कल), जनपथ (कनॉट प्लेस), पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल गोलचक्कर आदि जगहों से गाड़ियों को दूसरे रास्तों (जैसे- बीएसजेड मार्ग, आईपी मार्ग, दिल्ली गेट) की ओर मोड़ा जाएगा। इसके अलावा, धौला कुआं, मोती बाग, लोधी रोड और मथुरा रोड कॉरिडोर के आसपास भी यातायात नियंत्रित रहेगा।
रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वालों के लिए सलाह
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए आईएसबीटी कश्मीरी गेट, बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी मार्ग और डीबीजी रोड जैसे मार्गों का सुझाव दिया गया है। वहीं, हजरत निजामुद्दीन जाने वाले यात्री एम्स, रिंग रोड और आश्रम चौक के रास्ते जा सकते हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को इस दौरान मेट्रो का उपयोग करने की विशेष सलाह दी है। इसके अलावा गुरुग्राम, द्वारका, दक्षिण, पश्चिम, उत्तर और पूर्वी दिल्ली से आने वालों के लिए अलग-अलग सड़क मार्ग भी सुझाए गए हैं।
सार्वजनिक परिवहन और आपातकालीन सेवाएं
मेट्रो और बसें: सभी मेट्रो स्टेशनों पर सेवाएं पूरी तरह से चालू रहेंगी। वीआईपी मूवमेंट के दौरान बसों के रूट बदले जा सकते हैं।
टैक्सी और ऑटो: इन्हें चलने की अनुमति होगी, लेकिन निर्धारित क्षेत्रों को छोड़कर सड़क किनारे पार्किंग की सख्त मनाही होगी।
आपातकालीन सेवाएं: एम्बुलेंस, चिकित्सा वाहनों और आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी और उनके लिए बाधारहित रास्ता सुनिश्चित किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए यात्रा से पहले आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों और ट्रैफिक पोर्टल के माध्यम से ताजा जानकारी लेते रहें।