पश्चिम जिला की स्पेशल स्टाफ ने दिल्ली के गैंगस्टरों के लिए शामली से हथियार की खेप लेकर पहुंचे एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से पुलिस ने सात पिस्टल और दो शॉटगन बरामद किया है। हथियार सप्लायर आरोपी को एक पिस्टल को पहुंचाने के एवज में एक हजार रुपये देते थे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हथियार सप्लायर की तलाश में जुटी है।
जिला पुलिस उपायुक्त उर्विजा गोयल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव कांधला, मुजफ्फरनगर यूपी निवासी लोकेश(22) के रूप में हुई है। स्पेशल स्टाफ में तैनात हवलदार सुरेंद्र को सूचना मिली कि गैंगस्टरों को हथियार मुहैया करने वाले अन्तरराज्यीय गैंग का एक बदमाश विकासपुरी के सीआरपीएफ कैंप बस स्टैंड के पास आने वाला है। इंस्पेक्टर नीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार रात बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर दी। करीब सवा नौ बजे एक युवक बस से उतरकर स्टैंड पर खड़े होकर किसी का इंतजार करने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर उसके बैग की तलाशी ली। बैग में सात पिस्टल और दो शॉटगन मिले।
पूछताछ में लोकेश ने बताया कि शामली यूपी का रहने वाला आरिफ ने बलवा गांव में उसे हथियार का खेप दिया था और बताया था कि स्टैंड के पास आकर एक व्यक्ति इस खेप को लेकर जाएगा। आरिफ ने खेप लेने वाले के बारे में कुछ नहीं बताया था। उसने बताया कि आरिफ एक पिस्टल को पहुंचाने के एवज में उसे एक हजार रुपये देता है। इससे पहले वह एक खेप को सोनीपत हरियाणा के एक गैंगस्टर को पहुंचा चुका है। पुलिस लोकेश के निशानदेही पर आरिफ की तलाश में जुटी है।