वाहन जांच कर रहे पुलिसकर्मी को युवकों ने पीटा
- फोटो : अमर उजाला
तिलक नगर इलाके में सादी वर्दी में वाहनों की जांच कर रहे पुलिसकर्मी के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की और उनके कपड़े फाड़ दिए। आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो बनाया। पुलिस ने वीडियो के जरिए ही तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तिलक नगर निवासी गगनदीप सिंह, गुरदीप सिंह और विक्रमजीत सिंह के रूप में हुई है। घायल हवलदार की पहचान प्यारेलाल के रूप में हुई है। शिकायत के अनुसार, उसने तिलक नगर मेट्रो स्टेशन के पास सादी वर्दी में बिना नंबर की एक स्कूटी पर सवार तीन युवकों को रोका। पुलिसकर्मी ने स्कूटी चला रहे युवक से कागजात मांगे। इस बात पर तीनों युवक प्यारेलाल से झगड़ा करने लगे। युवक आरोप लगा रहे थे कि पुलिसकर्मी जिस बाइक पर सवार हैं उसमें नंबर नहीं है। युवकों ने पुलिसकर्मी को नकली पुलिसकर्मी बताकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिस बाइक को बिना नंबर बताया गया, वह प्यारेलाल की नहीं थी। प्यारेलाल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और वायरल वीडियो के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।