कापसहेड़ा इलाके में एक किशोरी को गलत इंजेक्शन लगाने वाले डॉक्टर के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इंजेक्शन लगाने से बच्ची को संक्रमण हो गया था और उसका काफी दिनों तक सफदरजंग अस्पताल में इलाज चला। बच्ची के पिता ने पुलिस में शिकायत कर डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। दिल्ली मेडिकल काउंसिल की जांच में डॉक्टर की लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कापसहेड़ा निवासी सैय्यद अली ने अक्तूबर 2020 में डॉक्टर अहमद अंसारी के खिलाफ इलाज में लापरवाही करने की शिकायत की थी। शिकायत में उसने बताया कि 24 सितंबर 2020 में उसकी 14 साल की बेटी रुबिया को बुखार हुआ था। वह बेटी को दवा दिलवाने के लिए पड़ोस के डॉक्टर अहमद अंसारी के पास गया था।
डॉक्टर ने उसे दवा दिया और इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगाने के बाद उसकी बेटी की तबियत बिगड़ गई। बेटी को लेकर तुरंत बसई दारापुर स्थित अस्पताल ले गए, जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां जांच में पता चला कि किशोरी को इंजेक्शन लगाने की वजह से संक्रमण हो गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने डॉक्टर की ओर से की गई चिकित्सीय लापरवाही के बाबत दिल्ली मेडिकल काउंसिल को पत्र लिखा। जांच के बाद मेडिकल काउंसिल ने पुलिस को रिपोर्ट सौंपा।
जिसमें डॉक्टर को अयोग्य बताया गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि उसने किशोरी को गलत इंजेक्शन लगाया, जिसकी वजह से उसकी हालत बिगड़ी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने इस आपराधिक लापरवाही माना और डॉक्टर के खिलाफ दूसरे की जान को खतरे में डालने का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी से पूछताछ करने के बाद ही उसपर कार्रवाई करेगी।