उत्तर पूर्वी दिल्ली के नंदनगरी इलाके में एक बाइक सवार ट्रक से टकरा गया। स्विगी कंपनी में काम करने वाले डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है।
नंदनगरी इलाके में शुक्रवार देर रात बाइक सवार 24 वर्षीय गौरव की सड़क हादसे में मौत हो गई। गौरव की बाइक आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। गंभीर हालत में उसे जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया। पुलिस ट्रक चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, गौरव अपने परिवार के साथ जवाहर नगर लोनी में रहता था। परिवार में पिता सुभाष कुमार, मां पुष्पा देवी और छोटा भाई है। गौरव स्वीगी में डिलीवरी बॉय था। देर रात वह भजनपुरा से गगन सिनेमा की ओर बाइक से जा रहा था। इस बीच नंदनगरी फ्लाईओवर पहुंचने पर आगे चल रहे ट्रक से गौरव टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि गौरव काफी तेज गति से था। वह बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका। फौरन उसे पीसीआर की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक ने ट्रक एक ओर खड़ा कर दिया।