फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रंग-बदरंगः होली के दिन चार हत्याओं से दहली दिल्ली

Thu, 12 Mar 2020 05:48 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली  
विज्ञापन
demo pic
विज्ञापन

होली के दिन दिल्ली में चार लोगों की हत्या कर दी गई। न्यू उस्मानपुर और वजीरपुर इलाके में रुपयों की लेन-देन में दो युवकों की हत्या कर दी गई। गाजीपुर इलाके में एक शख्स ने अपने दोस्त व पत्नी के साथ मिलकर टीचर की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि टीचर के पास आरोपी की पत्नी की र्कई ऑडियो व वीडियो क्लीपिंग थी। उधर, नरेला इलाके में मंगलवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या के मामले में महिला समेत आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वजीरपुर और नरेला में हुई हत्या के मामले में पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। 

विज्ञापन


न्यू उस्मानपुर : रुपयों की लेन-देन में युवक की गोली मारकर हत्या
न्यू उस्मानपुर इलाके में किरण पाल (35) नामक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। किरण परिवार के साथ न्यू उस्मानपुर इलाके में रहता था। वह घर के पास ही फलों की रेहड़ी लगाता था। पड़ोस में उसका मौसेरा भाई मिथुन भी रहता है। वह भी फलों की रेहड़ी लगाता था। दोनों मौसेरे भाई होने के अलावा अच्छे दोस्त भी थे। आरोप है कि कुछ दिन पहले दोनों ने मिलकर कमेटी डाली थी। किरण को मिथुन से साढ़े तीन लाख रुपये लेने थे। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद था।

कुछ दिनों पूर्व मिथुन की पत्नी ने किरण पर छेड़छाड़ का आरोप भी लगाया था। मामला थाने भी पहुंचा था। होली वाले दिन किरण अपने दोस्त जय सिंह के साथ चौथे पुश्ते पर मौजूद था। इस बीच दोपहर करीब 3 बजे वहां मिथुन भी पहुंच गया। दोनों ने एक साथ होली खेली। इसी दौरान दोनों के बीच रुपयों को लेकर झगड़ा हो गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान मिथुन ने पिस्टल निकालकर किरण पर गोली चला दी। गोली उसके सिर के आरपार होने के बाद जयसिंह को भी लग गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। किरण व जयसिंह को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां किरण को मृत घोषित कर दिया गया। जयसिंह का इलाज जारी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी मिथुन को गिरफ्तार कर लिया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

वजीरपुर :  सट्टे की रकम को लेकर हुए विवाद में युवक को चाकू से गोदा

वजीरपुर इलाके की झुग्गियों में सट्टे के पांच हजार रुपये की लेन-देन में नीरज उर्फ मिनी (27) नामक युवक की हत्या कर दी गई। नीरज परिवार के साथ आजादपुर इलाके के हरि मंदिर इलाके में रहता था। नीरज का शव वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित रेलवे ट्रैक से बरामद हुआ। हमले में घायल व चश्मदीद राहुल ने बताया कि होली के दिन दोपहर के समय नीरज उसके घर पर सिक्की, डिंपी और करण के साथ बैठा हुआ था। राहुल के ठीक बराबर वाला मकान विनोद नामक युवक का है। विनोद कथित तौर पर वहां सट्टा चलवाने का काम करता है। होली से एक दिन पूर्व नीरज ने सट्टे में पांच हजार रुपये जीते थे। मंगलवार को जीते हुए रुपयों की पर्ची लेकर वह विनोद के घर पहुंचा। वहां उसने विनोद से अपने जीते हुए रुपयों की मांग की। इस बात पर विनोद ने कहा कि आज होली का दिन है, वह किसी के रुपये नहीं देगा। इसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि विनोद ने अपने दोस्त सूरज, मोनू और दिलशाद के साथ मिलकर नीरज की पिटाई शुरू कर दी। राहुल ने बीच बचाव का प्रयास किया तो उसे भी पीटा गया। इस बीच आरोपियों ने नीरज को रेलवे लाइन पर ले जाकर चाकू से गोद डाला। बीच-बचाव में राहुल भी जख्मी हो गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां नीरज को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, राहुल का इलाज जारी है। दिल्ली कैंट रेलवे थाना पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।

गाजीपुर : टीचर की पीट-पीटकर मार डाला
गाजीपुर में ट्यूशन टीचर राजकुमार (33) की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। राजकुमार परिवार के साथ वेस्ट विनोद नगर में रहता था। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के अलावा होम ट्यूशन भी देता था। राजकुमार के भाई सोनू ने बताया कि सोमवार देर रात को गंभीर हालत में राजकुमार को एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान राजकुमार की मौत हो गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कुछ समय पूर्व राजकुमार ज्योति नामक महिला को ट्यूशन पढ़ाता था। इसी दौरान उसकी ज्योति से दोस्ती हो गई। यह बात ज्योति के पति सचिन को पसंद नहीं थी। आरोप है कि राजकुमार के पास ज्योति की कुछ आपत्तिजनक वीडियो व ऑडियो थे। इसको लेकर वह उसे ब्लैकमेल करने लगा। सचिन को इसका पता चला तो उसने राजकुमार को सबक सिखाने की ठान ली। योजना के तहत सोमवार रात को ज्योति ने कॉल कर राजकुमार को गाजीपुर अपने घर बुलाया। वहां सचिन व उसके दोस्त विनय ने राजकुमार को बुरी तरह लाठी-डंडों से पीटा। दोनों ने उसे दोबारा ज्योति से बातचीत न करने और मिलने से मना दिया। वारदात के दौरान ज्योति भी उनके साथ मौजूद थी। गंभीर हालत में सोनू ने राजकुमार को अस्पताल में भर्ती कराया,  जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर ज्योति, सचिन और विनय को गिरफ्तार कर लिया है।

नरेला में युवक की गोली मारकर हत्या
नरेला इलाके में मंगलवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त आशीष कुमार (26) के रूप में हुई है। आशीष के सिर में दो गोली मारी गई। पुलिस को मौके से दो कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस शुरुआती जांच के बाद आपसी रंजिश में हत्या की बात कर रही है। पुलिस आशीष के परिवार से भी पूछताछ कर रही है।
आशीष परिवार के साथ नरेला के स्वतंत्र नगर में रहता था। वह दाल मील में नौकरी करता था। मंगलवार शाम को वह किसी काम से जाने की बात कह घर से निकला। इस बीच 10.30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि नरेला रेलवे फाटक के पास एक युवक को किसी ने गोली मार दी है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की जेब से मिले नंबर पर कॉल की तो आशीष की पत्नी ने कॉल उठाया। पुलिस ने परिवार को हत्या की सूचना दी। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने आशीष का शव परिवार को सौंप दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें