रविवार को भी भीड़भाड़ कमोबेश अपरिवर्तित रही, हजारों लोग अभी भी प्लेटफॉर्म और फुट-ओवर ब्रिज पर जगह के लिए धक्का-मुक्की कर रहे थे। उधर, संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की सुरक्षा में अर्द्धसैनिक बलों की आठ कंपनियां तैनात की गई है। 80 जवानों की मेट्रो पुलिस की एक कंपनी तैनात की गई है। इसके अलावा तीन इंस्पेक्टर व एक एसीपी मेट्रो से तैनात किए गए हैं।
पूरे स्टेशन परिसर में सुरक्षा बल तैनात
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हादसे के बाद प्लेटफॉर्म और फुटओवर ब्रिज के साथ पूरे स्टेशन परिसर में सुरक्षा बलों की कंपनी तैनात की गई हैं। मेट्रो की सुरक्षा में लगी सीईएसएफ की एक कंपनी को भी रेलवे की सुरक्षा में लगाया गया है। दिल्ली पुलिस की ट्रांसपोर्ट रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह ने खुद नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाकर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा रविवार दोपहर 12 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे। सीपी ने करीब पौने घंटे मौके का मुआयना किया।
रेलवे पुलिस व जीआरपी के अलग से जवान तैनात किए गए हैं। साथ ही रेलवे पुलिस के आठ से 10 थानाध्यक्षों को तैनात किया गया है। दिल्ली पुलिस के आसपास के थानाध्यक्षों को भी तैनात किया गया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि हर प्लेटफार्म, फुटओवर ब्रिज व बाहर एक-एक कंपनी तैनात की गई है। कंपनी में 80 से 85 जवान होते हैं।