बहादुर सिंह मेहरा निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली सॉकर एसोसिएशन (डीएसए) के चुनाव जून से प्रस्तावित होने के बावजूद टलते रहने के कारण फुटबॉल से जुड़े खिलाड़ियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब 18 अक्टूबर को एसोसिएशन की वार्षिक आम बैठक के दौरान चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई कार्यकारिणी का गठन हो गया है। बहादुर सिंह मेहरा को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। इसके बाद खिलाड़ियों और फुटबॉल से जुड़े लोगों की निगाहें नई टीम पर टिक गई हैं।
एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए बहादुर सिंह मेहरा का निर्वाचन निर्विरोध हुआ। चुनाव अधिकारी डॉ. वीके जैन की ओर से जारी परिणाम के अनुसार, उपाध्यक्ष के तीन पदों पर बीएस नेगी, राजीव कुमार गुप्ता और रिजवान उल हक निर्वाचित हुए। महिला उपाध्यक्ष के पद पर राजकुमारी निर्विरोध चुनी गईं। वहीं, कार्यकारिणी सदस्य के चार पदों पर मोहम्मद नईम, नरेश कुमार, मोहम्मद साजिद और राजेश झाझरिया ने जीत दर्ज की। महिला कार्यकारिणी सदस्य के पद पर गुड्डी गुसाईं निर्विरोध निर्वाचित हुईं। चुनाव अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) की ओर से नियुक्त चुनाव अधिकारी की निगरानी में कराए गए। एआईएफएफ की ओर से हरेंद्र स्वैन पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।
नई टीम से खिलाड़ियों को उम्मीदें : चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दिल्ली फुटबॉल से जुड़े खिलाड़ियों को उम्मीद है कि एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी जमीनी स्तर पर खेल को मजबूत करने, प्रतियोगिताओं के बेहतर आयोजन और खिलाड़ियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर ध्यान देगी। चुनाव में देरी के दौरान खिलाड़ियों के बीच बनी असमंजस की स्थिति के बाद अब नई टीम के सामने खेल गतिविधियों को गति देने की चुनौती होगी।