दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय के मुख्यालय में शनिवार को छह कर्मचारियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद जांच एजेंसी के इस मुख्यालय को सोमवार तक सील कर दिया गया है। छह लोगों में एक विशेष निदेशक रैंक का अधिकारी भी शामिल है। वहीं, दो अनुबंध पर काम करने वाले कर्मचारी हैं। गौरतलब है कि खान मार्केट स्थित लोकनायक भवन के अन्य विभागों में कोरोना के मामले आने के बाद एजेंसी ने अपने मुख्यालय में भी सभी की जांच कराई थी, जिसके बाद यह मामले सामने आए हैं। जांच में पॉजिटिव आए कर्मचारियों को क्वॉरंटीन सेंटर में भर्ती कराया गया है।
एनआईए का भी कर्मचारी संक्रमित
एनआईए कंट्रोल रूम में काम करने वाले एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद पूरे दफ्तर को सैनिटाइज किया जा रहा है। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में करीब दस लोग आए थे। सभी को होम आइसोलेशन में जाने के निर्देश दिए गए हैं।
आरएमएल में कोेरोना स्क्रीनिंग का समय घटाया
डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएल) में कोरोना की जांच अब 8 घंटे ही की जाएगी। अस्पताल प्रशासन ने कोविड-19 स्क्रीनिंग सेंटर का समय 24 घंटे से घटाकर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कर दिया है। इससे अब कम संख्या में ही जांच हो पाएगी। इस संबंध में आरएमएल प्रशासन का कहना है कि उनके पास जो मशीनें उपलब्ध हैं। उनसे दिन में 350 तक जांच ही कर सकते हैं, जबकि 24 घंटे सेंटर खुलने के कारण बड़ी संख्या में लोग जांच के लिए सैंपल जमा कराने आते हैं। ऐसे में केंद्र सरकार के दिशा निर्देश के मुताबिक सुबह 9 बजे से शाम पांच बजे तक ही सैंपल लिए जाएंगे।