कोरोना से ठीक होकर ड्यूटी पर लौटे एसआई अमित कुमार ने 11 दिन बाद ही प्लाज्मा देकर एक बुजुर्ग की जान बचाई है। वह फिर से कोरोना मरीजों के लिए प्लाज्मा दान करने को भी तैयार हैं।
नई दिल्ली के कनॉट प्लेस थाने में तैनात एसआई अमित कुमार को 12 जून को कोरोना हो गया था। उनकी पत्नी को संक्रमित पाया गया था। अमित कुमार कोरोना को मात देकर ठीक हो गए। उनकी टेस्ट रिपोर्ट 26 जून को निगेटिव आई।
एसआई अमित कुमार दो दिन पहले ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए थाने पहुंचे। थाने में ढोल के साथ उनका जोरदार स्वागत किया गया। थानाध्यक्ष आईके झा समेत थाने के अन्य पुलिसकर्मियों ने फूल मालाएं पहनाकर व आरती उतारकर उनका स्वागत किया।
थाने में एसआई अमित कुमार के एक साथी ने बताया कि उसके एक रिश्तेदार बलबीर (65) को कोरोना होने के कारण वह मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें कहीं से प्लाज्मा नहीं मिल रहा था। यह सुनते ही अमित कुमार प्लाज्मा देने को तैयार हो गए।
एसआई अमित कुमार वसंत कुंज स्थित आईएलबीएस अस्पताल के प्लाज्मा बैंक पहुंचे और कोरोना संक्रमण से ठीक होने के 11 दिन बाद प्लाज्मा दान किया।