दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने यमुनापार में सक्रिय हासिम बाबा गिरोह के शार्प शूटर सचिन कुमार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम रखा हुआ था। आरोपी हत्या, हत्या का प्रयास और रंगदारी के मामलों में वांछित था। आरोपी से एक स्वचालित पिस्टल, तीन कारतूस, एक खोल व चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
स्पेशल सेल के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार इंस्पेक्टर सुनील राजैन को छह जुलाई को सूचना मिली थी कि सचिन कुमार उर्फ मुकेश कुमार उर्फ गोलू अपने साथी के साथ वारदात करने हथियार के साथ शाहदरा इलाके में आएगा। एसीपी ललित मोहन नेगी व ह्दय भूषण नेगी की देखरेख में इंस्पेक्टर सुनील राजैन, रविन्द्र जोशी व विनोद बडोला की टीम ने श्यामलाल कॉलेज के पास घेराबंदी की।
पुलिस टीम ने यहां आरोपी को सरेंडर करने के लिए ललकारा तो उसने गोली चला दी। बचाव में पुलिस टीम ने भी गोली चलाई। आखिरकार पुलिस ने नंदनगरी निवासी सचिन कुमार (24) को दबोच लिया। पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी से चार केसों को सुलझाने का दावा किया है। सचिन ने 11 मई, 2018 को एक लड़की से दुव्यर्वहार किया था। जब लड़की के पिता व भाई ने विरोध किया तो सचिन ने साथियों के साथ उनकी पिटाई कर दी थी। पिता की मौत के बाद ये गलत संगत में पड़ गया और हासिम बाबा गिरोह में शामिल हो गया।