मुख्य बाजार, बदरपुर निवासी तेजप्रताप ने शनिवार सुबह 11.56 बजे पुलिस को पीसीआर कॉल कर सूचना दी थी कि सराय काले खां बस स्टैंड के पीछे रैपिड मेट्रो स्टेशन के निर्माण स्थल के पास झाडिय़ों में पड़ी एक पॉलीथिन में मानव अंग कटे हुए पड़े हैं। उसकी खोपड़ी कुछ अज्ञात हिस्सों के साथ पड़ी थी।
फोरेंसिक विशेषज्ञों सहित क्राइम टीम को तुरंत मौके पर बुलाया गया। उन्होंने मौके से नमूने उठाए। शव दो से तीन सप्ताह पुराना बताया जा रहा है। सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस ने हत्या व सबूत मिटाने का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली पुलिस नोएडा पहुंचीदिल्ली पुलिस की एक टीम रविवार को नोएडा में उस जगह पहुंची, जहां कुछ दिन पहले महिला के शरीर के हिस्से मिले हैं। नोएडा पुलिस ने मेडिकल बोर्ड बनवा कर महिला के शरीर के अंगों का पोस्टमार्टम करवा दिया है। बताया जा रहा है कि नोएडा में महिला के हाथ की हथेली मिली है। वह दिल्ली में मिली महिला की हथेली से साइज व लंबाई में मेल खा रही है। ऐसे में कहा जा रहा है कि दोनों जगह मिले शरीर के हिस्से एक ही महिला के हो सकते हैं। हालांकि इसका खुलासा डीएनए रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि महिला के शरीर के हिस्सों का पोस्टमार्टम करवाने के लिए सोमवार को मेडिकल बोर्ड बनवाने की सिफारिश की जाएगी। इसके बाद शरीर के अंगों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
श्रद्धा वाल्कर से ज्यादा दरिंदगी हुई है-
दिल्ली पुलिस अधिकारी बता रहे हैं कि मृतक महिला के साथ श्रद्धा वाल्कर से ज्यादा दरिंदगी हुई है। जिस तरह आरोपी आफताब ने श्रद्धा के शरीर के टुकड़े किए थे, उसी तरह मृतक महिला के शरीर के टुकड़े किए गए हैं। दरिंदों ने मृत महिला के सिर व चेहरे से खाल भी उधेड़ी है। श्रद्धा मामले में उसके पिता सामने आ गए। इस महिला के मामले में अब तक कोई पहचान करने वाला सामने नहीं आया है।