मौसम ने गुरुवार को भी दिल्ली की हवा का साथ दिया और वायु गुणवत्ता सूचकांक में 8 अंकों की गिरावट के साथ हवा के स्तर को खराब श्रेणी में रखा। वहीं, एनसीआर में शामिल अन्य शहरों की हवा भी खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड( सीपीसीबी) द्वारा गुरुवार को राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 256 दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले यह 262 रहा था। वहीं, एक दिन पहले गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा की हवा बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई थी, लेकिन गुरुवार को इसमें सुधार हुआ और हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटे में प्रदूषित तत्वों में शामिल पीएम 10 का स्तर 175 और पीएम 2.5 का स्तर 101 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले पीएम 10 का स्तर 177 और पीएम 2.5 का स्तर 106 माइक्रोग्राम प्रति मीटर दर्ज किया गया था, जबकि यह क्रमश: 100 और 60 से अधिक नहीं होना चाहिए।
सफर के अनुसार, अगले 24 घंटों में हवा की स्थिति में और सुधार हो सकता है और हवा का स्तर खराब श्रेणी से औसत श्रेणी में पहुंचने की संभावना है। हालांकि, शनिवार से एक बार फिर हवा की स्थिति बिगड़ेगी और स्तर बहुत खराब श्रेणी में भी पहुंच सकता है।
गौरतलब है कि गत दिनों से मौसमी परिस्थितियों में उतार चढ़ाव की वजह से हवा का स्तर बहुत खराब श्रेणी से लेकर गंभीर श्रेणी के बीच बना हुआ था। हालांकि, फिलहाल मौसम साफ होने की वजह से इन दिनों स्थिति बेहतर है।
दिल्ली एनसीआर के आंकड़े
नोएडा 267
ग्रेटर नोएडा 283
गाजियाबाद 277
फरीदाबाद 213
गुरुग्राम 241