खुदरा बाजारों पर लॉकडाउन का असर दिखने लगा है। हरी सब्जियों के साथ ही फल महंगे हो गए हैं। वहीं राशन की दुकानों से खाद्य सामग्री गायब होने लगी है। बड़े-बड़े स्टोर में भी मांग बढ़ने से खाद्य सामग्री कम होने लगी है।
सरकार ने साफ कर दिया है कि 21 दिन का लॉकडाउन बढ़ाने की फिलहाल कोई योजना नहीं है, लेकिन अफवाहों के बाजार में आम जरूरतों की चीजें ही महंगी हो गई हैं। जमाखोरी लगातार जारी है। लोग जरूरत की खाद्य सामग्री स्टोर करने में भी पीछे नहीं हैं। हर कोई दाल, चावल, सूजी, नमक, खाद्य तेल, बेसन, मैदा, आटा समेत रोजमर्रा उपयोग की कई सामग्रियां खरीद रहा है।
इसके कारण इन दिनों इनके भाव भी बढ़े हुए हैं। उधर, खुदरा बाजार में हरी सब्जियां भी महंगी बिकने लगी हैं तो फलों का भाव भी बढ़ गया है। खुदरा बाजार में भिंडी 100 रुपये किलो जा पहुंची है तो आलू भी 40 रुपये तक पहुंच गया है। इसी तरह घीया, परवल, टिंडे के भाव भी बढ़ गए है। फलों की बात करें तो अंगूर 120 रुपये, संतरा 120 रुपये, पपीता 80 रुपये प्रतिकिलो बिक रहे हैं।