कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : PTI
राजधानी दिल्ली में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 677 नए मामले सामने आए, जबकि 940 मरीज संक्रमण से ठीक हो गए। वहीं, दिल्ली स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार बीते 24 घंटों में 21 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई।
इसी के साथ दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामलों की कुल संख्या 624795 हो गई है, जिसमें से 608434 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं, 10523 मरीजों की मौत हो गई है। फिलहाल राजधानी में 5838 एक्टिव मरीज हैं।
इसके अलावा ब्रिटेन से लौटकर दिल्ली आने वालों के कोरोना संक्रमित मिलने का सिलसिला भी जारी है। बुधवार को अलग-अलग जगहों पर दो लोग और कोरोना संक्रमित मिले हैं जिन्हें लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी के साथ अस्पताल में बुधवार शाम तक ब्रिटेन से दिल्ली लौटकर आए 38 कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।
जानकारी के अनुसार 21 से 23 दिसंबर के बीच दिल्ली हवाई अड्डे पर 11 लोग कोरोना संक्रमित मिले थे। इसके बाद 28 लोगों की पहचान उनके घर पहुंचने के बाद जांच में हुई है। इस तरह राजधानी में कुल 39 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं।
इनमें एक आंध्र प्रदेश की महिला भी शामिल है जो हवाई अड्डे से फरार हो गई थी। यह महिला अभी आंध्र प्रदेश के एक अस्पताल में भर्ती है। इसलिए अब लोकनायक अस्पताल में कुल 38 मरीज हैं। इनमें दिल्ली और बाहरी राज्य दोनों के मरीज शामिल हैं।