शीला दीक्षित के आवास पहुंचे राहुल गांधी
- फोटो : अमर उजाला
विदेश यात्रा से लौटे राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर उनके बेटे संदीप दीक्षित के आवास शोक जताने पहुंचे। राहुल उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। लिहाजा उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों के साथ दुख साझा किया।
राहुल का संदीप दीक्षित के साथ करीब साढ़े तीन घंटे तक रहना दिल्ली कांग्रेस की राजनीति में भूचाल भी ले आया है। दरअसल दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के दावेदारों में शीला के बेटे संदीप का नाम भी चल रहा है।
संदीप के शीला दीक्षित की राजनीतिक विरासत संभालने के कयास लगाए जा रहे हैं। शीला दीक्षित ने बेटे को दिल्ली से सांसद तो बनवा दिया था लेकिन मां की सक्रियता के चलते ही संदीप दिल्ली की राजनीति उस तरह रमे नहीं। ऐसे में अब पार्टी भी शीला दीक्षित की राजनीतिक विरासत को सहेजना चाहेगी।
गांधी परिवार में लंबे समय से शीला दीक्षित का अलग सम्मान रहा है और पारिवारिक रिश्ते रहे हैं। तमाम सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी राहुल शीला दीक्षित से आत्मीय ढंग से मिलते दिखे हैं।