राजधानी में इन दिनों प्रदूषण खतरनाक श्रेणी में पहुंच चुका है। इसके अलावा विभिन्न हॉटस्पॉट क्षेत्रों में भी प्रदूषण का स्तर खतरनाक श्रेणी में बना हुआ है। जिससे लोगों को सांस लेने में तकलीफ के साथ आंखों में जलन की समस्याएं हो रही हैं। इसको देखते हुए बृहस्पतिवार को अमर उजाला के संवाददाता किशन कुमार ने हॉटस्पॉट क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया, पेश है रिपोर्ट
स्थान: पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र
समय दोपहर-12:30 बजे
एयर क्वालिटी इंडेक्स- 429
पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र पूर्वी दिल्ली नगर निगम के अंतर्गत हॉटस्पॉट क्षेत्रों में शामिल है। यही वजह है कि यहां अक्सर हवा का स्तर खराब श्रेणी में बना रहता है। अमर उजाला की टीम ने यहां पाया कि सड़क किनारे पाइप लाइन डालने का काम चल रहा था। वहीं, सड़क की मिट्टी भी फैली हुई थी। इस वजह से आसपास से निकलने वाली गाड़ियों की वजह से धूल सड़क पर उड़ रही थी। ऐसे में पास से निकलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, दूर दूर तक कोई पानी के छिड़काव को लेकर भी स्प्रिंकल टैंकर नजर नहीं आया।
स्थान: आनंद विहार
समय: 12: 10 बजे
एयर क्वालिटी इंडेक्स- 423
आनंद विहार इलाका पूर्वी दिल्ली नगर निगम के अंतर्गत अधिक प्रदूषण वाले इलाकों में शामिल है। इसकी प्रमुख वजह गाड़ियों का अधिक दबाव और उड़ने वाली धूल शामिल है। साथ ही यहां पास में स्थित साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र भी प्रदूषण के लिए जिम्मेदार है। यही वजह है कि बृहस्पतिवार को भी यहां दोपहर में प्रदूषण नजर आया। वहीं, गाड़ियों की आवाजाही की वजह से धूल का गुबार भी लोगों को परेशान कर रहा था। साथ ही यहां भी कोई स्प्रिंकलर टैंकर पानी के छिड़काव के लिए नजर नहीं आया।
स्थान- मोती बाग
समय दोपहर- 1:30 बजे
एयर क्वालिटी इंडेक्स- 381
मोतीबाग इलाका दक्षिणी निगम के अंतर्गत आने वाले आरके पुरम हॉट स्पॉट क्षेत्र के पास स्थित है। बृहस्पतिवार को भी यहां दिन में स्मोग छाया हुआ नजर आया। इस वजह से अधिक दूर की दृश्यता भी प्रदूषण की वजह से ओझल हो रही थी। वहीं, यहां भी प्रदूषण को लेकर किसी भी प्रकार का कोई छिड़काव नजर नहीं आया।
स्थान: उस्मानपुर, साढ़े चार पुस्ता
समय: शाम 6:30 बजे
एयर क्वालिटी इंडेक्स: 407
उस्मानपुर पुस्ते पर आए दिन कूड़ा जलाने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इस कड़ी में बृहस्पतिवार को भी यहां शाम के समय कूड़ा जलाने की घटना देखने को मिली। हालांकि, मौके पर दमकल विभाग की गाड़ी ने पहुंच आग बुझाने का काम किया, लेकिन धुएं की वजह से मुख्य मार्ग पर दृश्यता बहुत कम हो गई थी और लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
महापौर की प्रतिक्रिया
अपने अंतर्गत आने वाले हॉटस्पॉट क्षेत्रों में प्रदूषण को नियंत्रण करने के लिए हमने आनंद विहार में एंटी स्मोग गन की व्यवस्था कर रखी है। इसके अलावा 30 टीम का भी गठन किया गया है जो लगातार नजर बनाए हुए है।
-निर्मल जैन, महापौर पूर्वी दिल्ली नगर निगम
-हॉटस्पॉट क्षेत्रों में प्रदूषण की कमी के लिए लगातार स्प्रिंकलर के माध्यम से पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इसके अलावा रात्रि गश्त टीम भी प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। वहीं, मौसम की वजह से भी इन दिनों प्रदूषण बढ़ रहा है।
-अनामिका, महापौर दक्षिणी दिल्ली नगर निगम