नई दिल्ली। राजधानी में रह रहे पूर्वोत्तर राज्यों के नागरिकों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर दिल्ली पुलिस ने समन्वय बढ़ाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। बुधवार को मोती बाग में पूर्वोत्तर राज्यों के रेजिडेंट कमिश्नरों, संयुक्त रेजिडेंट कमिश्नरों और अन्य प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक की। अध्यक्षता संयुक्त पुलिस आयुक्त नाबाम गुंगटे ने की, जबकि डीसीपी अंजिता सेहेप्याला समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कार्यप्रणाली, हेल्पलाइन नंबर 1093, पूर्वोत्तर नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता, सूचीबद्ध अस्पतालों में रियायती इलाज, मुफ्त कानूनी सलाह और जरूरत पड़ने पर पार्थिव शरीर को गृह राज्य तक पहुंचाने जैसी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डीसीपी ने कहा कि पूर्वोत्तर के नागरिकों के खिलाफ अपराध के मामलों में दिल्ली पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति अपनाती है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती है।