दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने प्रदीप सोलंकी गिरोह के बदमाश अंकित डबास (20) को मुठभेड़ के दौरान गोली मारकर गिरफ्तार किया है। वह द्वारका मोड़ मेट्रो स्टेशन के नीचे 19 मई को हुई गैंगवार का भी आरोपी है। बदमाश की गोली से दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर किशन घायल हो गए। उनके घुटने से नीचे पैर में गोली लगी है। बदमाश की गोली से एक दूसरा पुलिस अधिकारी बाल-बाल बचा। उसकी छाती में गोली लगी, लेकिन गनीमत रही कि वह बुलेट प्रूफ जैकेट पहने था।
जवाबी कार्रवाई में अंकित डबास को जांघ में गोली लगी है। एसआई किशन व गैंगस्टर अंकित को वाल्मीकि अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में किशन को बालाजी एक्शन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था। कंझावला थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्पेशल सेल डीसीपी संजीव कुमार यादव के अनुसार, नार्दर्न रेंज को शुक्रवार रात करीब पौने आठ बजे सूचना मिली कि 19 मई को द्वारका मोड़ मेट्रो स्टेशन के नीचे मंजीत महाल गिरोह के फाइनेंसर प्रवीण सेहरावत की हत्या करने वाला अंकित डबास (20) माजरा डबास कंझावला-बवाना रोड पर किसी से मिलने आएगा। एसीपी मनोज दीक्षित की देखरेख में इंस्पेक्टर पूरन पंत, एसआई किशन की टीम ने यहां घेराबंदी की।
वहां आए गैंगस्टर अंकित डबास को पुलिस ने सरेंडर करने को कहा तो उसने फायरिंग कर दी। एक गोली एसआई किशन को बाएं पैर में घुटने से नीचे लगी। दूसरी गोली दूसरे पुलिस अफसर को छाती में लगी, मगर बुलट प्रूफ जैकेट के कारण उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ।
जवाब में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की। इसमें बदमाश को जांघ में गोली लगी। दोनों ओर से 6-7 गोलियां चलीं। अंकित डबास और एसआई किशन को महर्षि वाल्मीकि अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर स्पेशल सेल व रोहिणी जिले के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।