स्पेशल डीसीपी मनीषी चंद्रा के अनुसार एसीपी ललित मोहन नेगी व हृदय भूषण की देखरेख में इंस्पेक्टर सुनील राजैन, रविंद्र जोशी व विनोद बडोड़ा ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान चला रखा है। पुलिस ने जामिया नगर से 150 किलो हेरोइन बरामद की थी और दो अफगानी समेत पांच मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया था।
पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपी रहमत गुल से पूछताछ के बाद कोंडली, सोनीपत स्थित कोल्ड स्टोरेज में सोमवार रात को दबिश दी और यहां मौजूद दो अफगानी नागरिक मो. अकबर(45) और नेडा मोहम्मद (38) को गिरफ्तार कर लिया। यहां पर किशमिश के कुल 600 कॉटॅून थे। इनमें से 102 कार्टन ऐसे थे जिन पर 105 लिखा हुआ था।
105 लिखने के कारण ये अन्य कार्टन से अलग थे। किशमिश के ये कार्टन अटारी-बाघा चेक पोस्ट से मार्च, 2019 में सोनीपत आया था। ये कार्टन दक्षिणी अफगानिस्तान के एक शहर से लोड किए गए थे।
ये कार्टन अफगानिस्तान की एक कंपनी से भारत की एक फर्म को भेजे गए थे। इनमें हेरोइन को डिब्बे के चारों तरफ गत्तों के बीच में छिपाकर रखा गया था। गत्तों को काटकर निकाला गया तो उनके बीच में हेरोइन के पाउच थे। 102 कार्टन से हेरोइन के 204 पाउच बरामद किए गए। स्पेशल सेल के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरीके से पहली बार अफगानी हेरोइन को भारत लाया गया है।