मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर चल रहे एमसीडी मेयर के धरने के जवाब में आम आदमी पार्टी के धरना देने की योजना पर पानी फिर गया है। आप विधायक और पार्षदों को दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आवास के बाहर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी है।
हिरासत में लिए गए आप विधायक ऋतुराज
वहीं, अनुमति न मिलने का बावजूद प्रदर्शन के लिए निकले आम आदमी पार्टी के विधायक ऋतुराज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। ग्रेटर कैलाश से आप विधायक सौरभ भारद्वाज ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी और आरोप लगाया कि अब अमित शाह अब किसी को आवाज भी उठाने नहीं दे रहे हैं।
आप विधायक राघव चड्ढा ने दिल्ली पुलिस उपायुक्त को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के घर के बाहर रविवार को शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन करने के लिए पत्र लिखा था। पुलिस उपायुक्त ने उनके अनुरोध को अस्वीकार कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि गृह मंत्री के आवास के बाहर किसी भी काम के लिए इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है। मालूम हो कि राघव चड्ढा उत्तरी दिल्ली नगर निगम में धन के दुरुपयोग को लेकर गृह मंत्री के घर के बाहर प्रदर्शन करना चाहते थे।
इसके मद्देनजर आज आम आदमी पार्टी के सभी विधायकों के घर के पास पुलिस की तैनाती है। जो भी प्रदर्शन के लिए निकलेगा, उसे हिरासत में ले लिया जाएगा।