कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर और उनकी पत्नी सहित कई लोगों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने फर्जीवाड़े का मामला दर्ज किया है। यह मामला अदालत के आदेश के बाद दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप है कि इन लोगों ने फर्जी कागजात के जरिये करोल बाग स्थित करोड़ों रुपये की जमीन को अपने कब्जे में ले लिया है।
आर्थिक अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ओपी मिश्रा ने शिकायत दर्ज होने की पुष्टि की है और मामले की जांच होने की बात कही है। एक साल पहले विजय सेखरी ने आर्थिक अपराध शाखा को इस बाबत शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया था।
विजय सेखरी की शिकायत पर पटियाला हाउस कोर्ट ने पुलिस को मामला दर्ज करने का आदेश दिया था। इसके बाद जगदीश टाइटलर के खिलाफ इस वर्ष 9 जुलाई को शाखा ने मामला दर्ज किया। दरअसल, अदालत ने जब शाखा से इस शिकायत के बारे में पूछताछ की, तो कहा गया था कि शिकायत में दर्ज आरोपियों के हस्ताक्षर के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
छतरपुर के रहने वाले विजय सेखरी ने अपनी शिकायत में कहा था कि इस मामले में जगदीश टाइटलर, उनकी पत्नी जेनीफर टाइटलर के साथ तमिलनाडु की सन रियल इस्टेट प्राइवेट लिमिटेड, चेन्नई के वेंकटासुभा राव, विजय भास्कर, रवींद्र नाथ बाला कवि, मेसर्स गोल्डन मूमेंट्स करोलबाग, राकेश वधावन, संजय ग्रोवर, हरीश मेहता शामिल हैं।