बुराड़ी थाना क्षेत्र में 20 मई को प्रॉपर्टी डीलर मुन्नवर हसन की उसके ही साथी शाहिद खान उर्फ बंटी ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। दिल्ली पुलिस ने शक होने पर बंटी को हिरासत में लिया तो उसने ऐसा खुलासा किया कि पुलिस के भी होश उड़ गए।
दिल्ली के बुराड़ी थाना क्षेत्र में हुई प्रॉपर्टी डीलर समेत परिवार के छह लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने दौराला क्षेत्र से महिला और उसकी दो बेटियों के शव बरामद कर लिए। हत्यारोपी ने शवों को जमीन में गाड़ दिया था। बदबू को रोकने के लिए आरोपी ने लाशों पर नमक और केवड़ा भी डाला था।
बुराड़ी थाना क्षेत्र में 20 मई को प्रॉपर्टी डीलर मुन्नवर हसन की उसके ही साथी शाहिद खान उर्फ बंटी ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। दिल्ली पुलिस ने शक होने पर बंटी को हिरासत में लिया तो उसने ऐसा खुलासा किया कि पुलिस के भी होश उड़ गए। उसने मुन्नवर हसन के एक माह पहले गायब परिवार के 5 लोगों की हत्या करना भी कबूला। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक के दो बेटे आकिब व साकिब के शवों को दिल्ली के ही एक मकान से बरामद किया।
जबकि आरोपी ने मुन्नवर की पत्नी सोनिया उर्फ इसरत व उसकी दो बेटियों आरजू व अर्शी के शवों को दौराला क्षेत्र में काली नदी के किनारे गाड़ने की बात बताई थी। इस पर दिल्ली पुलिस ने रविवार रात दौराला क्षेत्र के गांव समौली में दबिश देकर हत्याकांड में शामिल जुल्फिकार पुत्र सलीम, फिरोज पुत्र शब्बीर को हिरासत में ले लिया था, जबकि दो अन्य आरोपी वाजिद पुत्र जहीर व राजा मौके से फरार हो गए थे। दिल्ली पुलिस तभी से यहां डेरा डाले है।
शवों के ऊपर डाला था नमक और केवड़ा
munawwar hasan
शव मिलने के बाद दिल्ली की फोरेंसिक टीम ने जांच कर वहां से नमूने लिए। बताया गया है कि तीनों शव पूरी तरह से गल चुके थे। आरोपियों ने शवों के ऊपर नमक, केवड़ा और झाड़ियां डाली थीं। इसके बाद मिट्टी से भर दिया था। बेटियों ने वारदात के दिन जींस और टॉप पहने थे, जबकि उनकी मां सोनिया ने सूट सलवार पहना हुआ था। पुलिस ने कपड़ों को भी बरामद कर लिया है।
मंगलवार सुबह करीब दस बजे दिल्ली पुलिस की एएसपी इंद्रा राठौर, इंस्पेक्टर रविकांत, एसआई अमित कुमार, प्रदीप, पंकज, सरधना तहसील के नायब तहसीलदार हौरी सिंह, मुख्य आरोपी शाहिद खान उर्फ बंटी व उसके साथी जुल्फिकार व फिरोज को लेकर अख्त्यारपुर की काली नदी के घाट पर पहुंचे।
इसके बाद आरोपियों द्वारा बताई गई जगह पर पुलिस टीम ने टेंट लगाकर खुदाई शुरू कराई। लगभग तीन घंटे तक चली खुदाई के बाद पुलिस ने छह फीट गहरे गड्ढे से मां और दोनों बेटियों के शवों को बरामद कर लिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्रामीणों ने की हमले की कोशिश, पुलिस ने फटकारी लाठी
munawwar hasan
प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी और बेटियों के शव बरामद करने के बाद दिल्ली पुलिस आरोपी बंटी और फिरोज वापल ले जाने लगी। इस दौरान वहां मौजूद ग्रामीण भड़क गए और उन्हें बंटी पर हमला करने का प्रयास किया। चारों ओर से मारो मारो की आवाजें आने लगी तो पुलिस के हाथ पांव फूल गए। पुलिस ने आनन-फानन में दोनों आरोपियों को किसी तरह गाड़ी में बैठाकर वहां से भेज दिया। बाद में हंगामा कर रहे ग्रामीणों को पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए दौड़ा दिया।
सोमवार शाम को दिल्ली पुलिस की एक टीम अख्त्यारपुर गांव के काली नदी के घाट पर पहुंच गई थी। जिसके बाद से यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई थी। सोमवार देर रात तक भी काफी संख्या में लोग मौके पर जमा रहे। मंगलवार सुबह सात बजे से ही अख्त्यारपुर, खेड़ी व समौली के काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे।