नई दिल्ली में 6000 हजार पुलिस और 220 सीएपीएफ कंपनियां तैनात
सीजेपी का ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च शुक्रवार शाम पांच बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई दिल्ली क्षेत्र में पुलिस के 6,000 से अधिक कर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 220 कंपनियों को तैनात किया गया है। प्रत्येक कंपनी में करीब 100 जवान होते हैं।
पुलिस ने नहीं दी मार्च की अनुमति
पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत लागू निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए मार्च की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इस निषेधाज्ञा के तहत कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में लोगों के एकत्र होने पर रोक है।
तिरंगा फहराने का रखा है प्रस्ताव
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के एक सीमित समूह को किसी वैकल्पिक स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अनुमति देने का प्रस्ताव रखा है। वहीं, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने कहा है कि प्रशासनिक कारणों से शुक्रवार और शनिवार को सेंट्रल पार्क आम लोगों के लिए बंद रहेगा।