राजौरी गार्डन स्थित पश्चिमी जिला डीसीपी ऑफिस में बने पश्चिमी जिले के कंट्रोल रूम में पांच पुलिसकर्मी को कोरोना हो गया है। साथ ही 24 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तुरंत कोरोना टेस्ट कराने का आदेश दिया गया है।
पांच पुलिसकर्मियों को कोरोना होने से पश्चिमी जिले के कंट्रोल रूम समेत कई यूनिटों को बंद कर दिया गया है। पश्चिमी जिले का कंट्रोल रूम फिलहाल मोबाइल वैन(गाड़ी) से चलेगा।
पश्चिमी जिले के कंट्रोल रूम को मोबाइल वैन से चलाने के लिए दिल्ली पुलिस के मुख्य कंट्रोल रूम से पुलिसकर्मी बुलाए गए हैं। ऑपरेशंस एवं कम्युनिकेशन यूनिट के डीसीपी एस के सिंह की ओर से पश्चिमी जिले के पुलिसकर्मियों को जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि पश्चिमी जिले के कंट्रोल रूम में भारी संख्या में पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटीव पाए गए हैं।
इस कारण बृहस्पतिवार से पश्चिमी जिले के कंट्रोल रूम, रेडिया वर्कशॉप, रेडिया स्टोर और ईपीएबीएक्स को बंद कर दिया गया है। इन यूनिटों के सभी पुलिस स्टाफ को क्वारंटीन में भेज दिया गया है।
कंट्रोल रूम में ही चार शिफ्टों में 24 पुलिसकर्मी काम करते हैं। इंस्पेक्टर शियाराम मीणा कंट्रोल रूम इंचार्ज का काम देखेंगे। दिल्ली पुलिस में ऐसा पहली बार हुआ है कि कोरोना महामारी के चलते किसी कंट्रोल रूम समेत कई यूनिटों को बंद किया गया है। इससे दिल्ली पुलिस में हडकंप मच गया है। ऐसा भी पहली बार हो रहा है कि किसी जिले का कंट्रोल रूम किसी मोबाइल वैन से चलेगा।
मदद की राशि में कमी
इस बीच खबर है कि कोरोना से विभाग के लोगों में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मदद की राशि में कमी कर दी गई है। पीटीआई के अनुसार पहले दिल्ली पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को संक्रमण हो जाने पर एक लाख रुपए देने की घोषणा की थी मगर अब यह राशि घटाकर दस हजार कर दी गई है। ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि अब पुलिस के लोगों में भी संक्रमण बढ़ रहा है।